खबरेविदेश

पाकिस्तान ने तीसरी बार भारतीय उप उच्चायुक्त को बुलाया

इस्लामाबाद, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की ओर रावलकोट सेक्टर में संघर्ष विराम के कथित उल्लंघन को लेकर पाकिस्तानी विदेश विभाग के निदेशक ने भारतीय उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को बुलाया है। पाकिस्तान का दावा है कि भारतीय सेना की फायरिंग में दो बच्चों की मौत हुई है। यह जानकारी सोमवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।

विदित हो कि पाकिस्तान ने इस मुद्दे को लेकर इस महीने में उप उच्चायुक्त को तीसरी बार तलब किया है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक बयान जारी करते हुए आरोप लगाया है कि भारतीय सेना द्वारा 14 अक्तूबर को की गई गोलीबारी में दो बच्चों की मौत हो गई।
विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है, “ संघर्ष विराम उल्लंघन को रोकने की मांग के बाद भी भारत लगातार इसका उल्लंघन कर रहा है। नागरिकों को लगातार निशाना बनाना बेहद दुखद है और यह मानवीय गरिमा, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकारों और मानवीय कानूनों के भी विरुद्ध है।” 

बयान में कहा गया है, “ भारत की तरफ से किया गया ‘संघर्ष विराम उल्लंघन’ क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा है। यह कूटनीतिक के लिए ठीक नहीं है।” इससे पहले बीते 4 अक्तूबर को भी पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों की ओर से कथित तौर पर संघर्ष विराम उल्लंघन किए जाने लेकर भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब किया था।

Related Articles

Back to top button
Close