खबरेहिमाचल प्रदेश

मनाली सहित पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से शीतलहर तेज

शिमला, 06 जनवरी= हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठण्ड का दौर जारी है। पर्यटन नगरी मनाली में शुक्रवार को हल्का हिमपात हुआ। मनाली से सटे सोलंगनाला और अन्य पहाड़ियों पर भी बर्फ गिर रही है। जलोढ़ी दर्रे पर छह इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा जनजातीय जिले लाहौलस्पीति और चंबा के पांगी में गुरुवार रात से रूक-रूककर हिमपात हो रहा है। रोहतांग, कलबोग और केलंग में कई इंच तक बर्फ गिर चुकी है।

सीजन की इस पहली बर्फबारी से लाहौल घाटी का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। यही हाल चंबा जिले के पांगी का है। इन क्षेत्रों की अंदरूनी सड़कों पर बर्फ के चलते वाहनों की आवाजाही ठप्प है। साथ ही तापमान के हिमांक बिंदु से नीचे चले जाने से प्राकृतिक जलस्त्रोत जम गए हैं, जिससे लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों समेत अन्य कुछ स्थानों पर भारी हिमपात की चेतावनी दी है। इसे देखते हुए जनजातीय जिलों में प्रशासन ने अपनी मशीनरी को पूरी तरह चौकस कर दिया है। भारी बर्फबारी के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं।

इस बीच बीते 24 घंटों के दौरान लाहौल-स्पीति जिले का केलंग सबसे सर्द स्थल रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा किन्नौर जिले के कल्पा में माइनस 2.9, मनाली में 0.6, बिलासपुर में 4.1, सोलन में 4.5, शिमला में 4.9, भुंतर व मण्डी में 5, सुंदरनगर में 5.6, उना में 7, कांगड़ा में 7.4 और नाहन में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button
Close