उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

राष्ट्रोदय : मेरठ प्रांत के गांव-गांव में तैयार हुआ आरएसएस का कैडर

मेरठ, 16 फरवरी (हि.स.) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की समाज पर पकड़ लगातार मजबूत होती जा रही है। मेरठ प्रांत के गांव-गांव में आरएसएस का कैडर तैयार हो रहा है। इसकी पुष्टि 25 फरवरी को होने जा रहे विशाल स्वयंसेवक समागम राष्ट्रोदय में आने वाले स्वयंसेवकों की संख्या से हो रही है। मेरठ प्रांत के 10580 गांवों और 1553 बस्तियों से तीन लाख से ज्यादा स्वयंसेवक आ रहे हैं। 25 फरवरी को जागृति विहार एक्सटेंशन में स्वयंसेवक समागम राष्ट्रोदय आयोजित होगा। यह संघ के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा समागम होगा, जिसमें पूर्ण गणवेश में तीन लाख से ज्यादा स्वयंसेवक एकत्र होंगे। राष्ट्रोदय की तैयारियों को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसमें सभी वर्गों और जातियों के स्वयंसेवक शामिल हैं। यह सामाजिक समरसता का सबसे बड़ा आयोजन है।

संघ के मेरठ प्रांत प्रचार प्रमुख अजय मित्तल का कहना है कि प्रांत में प्रशासनिक दृष्टि से 14 जिले हैं। जबकि संघ की दृष्टि से इनकी संख्या 25 तक पहुंचती है। इन 25 जिलों से 363 खंड व नगर, 987 मंडल, 1553 बस्तियां और 10580 गांव हैं। यह पहला आयोजन होगा जिसमें संघ का संदेश गांव-गांव गया है और इन सभी गांवों का प्रतिनिधित्व राष्ट्रोदय में होगा। इन सभी गांवों से स्वयंसेवक आकर राष्ट्रोदय में एकत्र होंगे और सरसंघचालक का उद्बोधन सुनेंगे। इससे साफ पता चलता है कि संघ का कार्य मेरठ प्रांत के सभी गांवों तक पहुंच गया है। ग्रामीण क्षेत्र से 2,18,214 स्वयंसेवक राष्ट्रोदय में आएंगे, जबकि महानगरीय क्षेत्र से यह संख्या 93364 है। 
आकार लेने लगा विशाल मंच

राष्ट्रोदय के लिए विशाल मंच बनाया जा रहा है। 200 फुट लंबा, 100 फुट चौड़ा और 35 फुट ऊंचा मंच अब आकार लेने लगा है। मुख्य मंच के इर्द-गिर्द दो छोटे मंच भी बनाए जा रहे हैं, जिस पर संघ के पदाधिकारी और संत-महात्मा विराजमान होंगे। मुख्य मंच पर मुख्य अतिथि सरसंघचालक डाॅ. मोहनराव भागवत, कार्यक्रम अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज और विशिष्ठ अतिथि जैन संत विहर्ष सागर जी महाराज विराजमान होंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगा फोकस

राष्ट्रोदय में आने वाले स्वयंसेवकों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए पुख्ता व्यवस्था की जा रही है। सरकारी व्यवस्था के साथ-साथ निजी चिकित्सक भी पूरे तामझाम के साथ कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे। सीएमओ डाॅ. राजकुमार चौधरी का कहना है कि कई 108 एंबुलेंस को वहां पर तैनात किया जाएगा। इसके अलावा डाॅक्टरों की पूरी टीम वहां पर रहेगी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डाॅ. वीरोत्तम तोमर ने बताया कि सौ से ज्यादा निजी चिकित्सकों को राष्ट्रोदय कार्यक्रम स्थल पर तैनात किया जाएगा। इससे स्वयंसेवकों के स्वास्थ्य पर पूरी तरह से फोकस रखा जा सकेगा। कार्यक्रम स्थल पर आठ चिकित्सा कैंप लगाए जाएंगे। प्रत्येक कैंप में 15 बैड और जरूरी उपकरणों से लैस एंबुलेंस मौजूद रहेंगी।

Related Articles

Back to top button
Close