Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

विजय गोखले बनेंगे विदेश सचिव

नई दिल्ली, 01 जनवरी (हि.स.)। भारत सरकार ने देश के अगले विदेश सचिव का चयन कर लिया है। भारतीय विदेश सेवा के 1981 बैच के अधिकारी विजय केशव गोखले को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। गोखले वर्तमान में विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) के पद पर हैं। 

सोमवार को कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने इस प्रक्रिया को पूरा किया। कैबिनेट ने विजय गोखले के नाम पर मुहर लगा दी। गोखले वर्तमान विदेश सचिव एस. जयशंकर का स्थान लेंगे, जो 28 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। एस. जयशंकर की नियुक्ति 29 जनवरी, 2015 को दो साल के लिए की गई थी, बाद में उन्हें एक साल का सेवा-विस्तार दिया गया। 

विजय गोखले अपनी वर्तमान पोस्टिंग के पहले चीन में भारत के राजदूत रहे हैं। हालिया डोकलाम सीमा विवाद को सुलझाने में गोखले की भूमिका का सराहना हुई थी। उस पूरे मामले में गोखले ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ मिलकर चीन सरकार के अधिकारियों से लगातार बैठकें की और डोकलाम मामले को बढ़ने से रोका। गोखले जर्मनी में भी भारत के राजदूत रहे हैं। वे हांगकांग, हनोई, न्यूयार्क में भारतीय मिशन में तैनात रहे हैं। इसके अलावा भारत में विदेश मंत्रालय में निदेशक (चीन एवं पूर्वी एशिया) और संयुक्त सचिव (पूर्व एशिया) की जिम्मेदारियां भी निभा चुके हैं। 

Related Articles

Back to top button
Close