Home Sliderखबरे

25 वर्ष बाद त्रिपुरा में खिला कमल, वाम का मजबूत गढ़ ढहा

अगरतला, 03 मार्च : पूर्वोत्तर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर पूरी तरह से बरकरार है। शनिवार को हुए तीन राज्यों की मतगणना के बाद जो तस्वीर उभर कर सामने आई है, उसने साबित कर दिया कि नरेंद्र मोदी अभी भी देश में सबसे लोकप्रिय, सर्वमान्य नेता हैं। वाम मोर्चा के सबसे मजबूत गढ़ त्रिपुरा को जिस तरह से भाजपा ने छीना है, इसकी गूंज देश के अन्य राज्यों में सुनाई दे रही है।

प्रधानमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, पूर्वोत्तर के प्रभारी राममाधव, त्रिपुरा के प्रभारी सुनील देवधर, त्रिपुरा के प्रदेश अध्यक्ष बिप्लव कुमार देव, नेडा के संयोजक व असम सरकार के मंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने जिस तरह से राजनीतिक बिसात त्रिपुरा में बिछाई उसमें वाम मोर्चा पूरी तरह से फंसकर रह गया। वाम मोर्चा को अहसास तक नहीं हुआ कि उसकी जमीन राज्य में पूरी तरह से साफ हो गई है। परिणामों के बाद वाम मोर्चा हतप्रभ होकर रह गया है।

60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक तिहाई सीटें जीतकर वामपंथ के गढ़ को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। जमीन पर भाजपा महज 6 महीनों से त्रिपुरा में दिखाई दे रही थी, जिसको लेकर राजनीतिक पंडित यह मानने के लिए कतई तैयार नहीं थे कि भाजपा कोई बड़ा कमाल कर पाएगी लेकिन यह किसी को पता नहीं था कि भाजपा त्रिपुरा में पिछले चार वर्षों से जमीन पर काम कर रही है। आईपीएफटी का साथ मिलने पर भाजपा की ताकत दोगुनी हो गई। 60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा के लिए कुल 59 सीटों के लिए चुनाव कराए गए थे। जारी परिणाम के अनुसार भाजपा ने 35, वाम मोर्चा 15 (एक सीट पर वाम मोर्चा की जीत हो गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक घोषणा होनी शेष है), आईपीएफटी 8 सीटों पर जीत हासिल की। 

वोट प्रतिशत के हिसाब से भाजपा ने वाम मोर्चा से अधिक मत हासिल किया है। भाजपा व उसके सहयोगी आईपीएफटी के मतों ने वाम मोर्चा को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। दोनों का वोट प्रतिशत लगभग 50.5 फीसद हो गया। इसके चलते वाम मोर्चा को बड़ी भारी मात मिली। वहीं एक फीसद लोगों ने नोटा का इस्तेमाल किया है। मत प्रतिशत के अनुसार भाजपा को 43 प्रतिशत, सीपीआई (एम) 42.7, आईपीएफटी 7.5 प्रतिशत, कांग्रेस 1.8, सीपीआई 0.8, आईएनपीटी 0.7, आरएसपी 0.8, एआईटीसी 0.3, एआईएफबी 0.6, निर्दलीय 0.2, एएमबी 0.3, टीएलएसपी को 0.2 प्रतिशत मत मिले। नोटा के तहत 1.0 प्रतिशत लोगों ने अपना मत दिया।(हि.स.)।

आगे पढ़े :मध्यप्रदेश में होली की धूम, सीएम शिवराज ने रंगों में सराबोर हो गाए फाग गीत

Related Articles

Back to top button
Close