Home Sliderखबरेदेशराज्य

औरैया हादसा : प्रधानमंत्री मोदी सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने दुर्घटना पर जताया दुख

नई दिल्ली । उत्तर प्रदेश के औरैया में शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे 24 प्रवासी श्रमिकों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताया है। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार राहत कार्यों में तत्परता से जुटी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ट्वीट कर उत्तर प्रदेश के औरैया में हुए सड़क हादसे में पर दुख जताया। उन्होंने कहा, ‘औरैया में ही दुर्घटना बेहद दुखद है। सरकार राहत कार्य में तत्परता से जुटी है। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं, साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

कई राजनीतिक हस्तियों ने भी जताया शोक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी उप्र के औरेया में सड़क पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट संदेश में लिखा, ‘हादसे में प्रवासी मज़दूरों के असामयिक निधन की खबर से मन विचलित है। मेरा सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से अनुरोध है की राहत कार्य में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करे। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ है। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।’

केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री डॉ हर्षवर्धन ने भी ट्वीट कर हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश में हुई भीषण दुर्घटना में 23 लोगों की मृत्यु की खबर बेहद दुःखद एवं मन को आहत करने वाली है। श्रमिकों की असामयिक मृत्यु पर मैं गहरी शोक संवेदनाएं प्रकट करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के औरैया में हुए सड़क हादसे में कई श्रमिकों की मृत्यु के बारे में जानकर अत्यंत दुख हुआ है। इस दुर्घटना में जिन लोगों की जान गई है, मैं उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं। साथ ही दुर्घटना में घायल हुए मज़दूरों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनपद औरैया में सड़क दुर्घटना में प्रवासी कामगारों/श्रमिकों की मृत्यु दुर्भाग्यपूर्ण एवं दुखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को हरसंभव राहत प्रदान करने,घायलों का समुचित उपचार कराने व दुर्घटना की त्वरित जांच करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी जनपद औरैया में सड़क दुर्घटना में प्रवासी मजदूरों के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर पीड़ित परिवारों को यह दुख सहन करने का साहस एवं संबल दें। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को पीड़ितों को राहत प्रदान करने, घायलों का उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हादसे पर ट्वीट कर कहा, ‘उतर प्रदेश के औरैया में सड़क हादसे में 24 मजदूरों की मौत और अनेक लोगों के घायल होने की खबर से आहत हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हादसे पर कहा कि औरैया में 24 से भी अधिक गरीब प्रवासी मज़दूरों की मौत अवर्णनीय दुख है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि घायलों के लिए दुआएं। सब कुछ जानकर.. सब कुछ देखकर भी…मौन धारण करने वाले हृदयहीन लोग और उनके समर्थक देखें कब तक इस उपेक्षा को उचित ठहराते हैं। ऐसे हादसे मृत्यु नहीं हत्या हैं। एक अन्य ट्वीट कर अखिलेश यादव ने कहा कि घर लौट रहे प्रवासी मज़दूरों के मारे जाने की ख़बरें दिल दहलाने वाली हैं। मूलत: ये वो लोग हैं जो घर चलाते थे। इसलिए समाजवादी पार्टी प्रदेश के प्रत्येक मृतक के परिवार को एक लाख रुपये की मदद पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए निष्ठुर भाजपा सरकार भी प्रति मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की राशि दे।

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी औरैया हादसे पर दुख जताया है उन्होंने कहा कि कल ही प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बयान दिया था कि जो भी मजदूर यहां आएंगे या यहां से गुजरेंगे, अधिकारी उनके ठहरने, खाने, सुरक्षा की पूरी व्यवस्था करेंगे। लेकिन दुख की बात है कि सीएम योगी के दिशा-निर्देशों को​ अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिसकी वजह से आज औरैया में बड़ा हादसा हुआ। उन्होंने योगी आदित्यनाथ से मांग की कि जिस अधिकारी ने अपनी जिम्मेदारी सही से नहीं निभाई उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद करने के साथ परिजनों के शव को उनके परिवार के पास भेजे जान की मांग भी की।

उल्लेखनीय है कि फरीदाबाद व दिल्ली से अपने गंतव्य की ओर जा रहे श्रमिकों की ट्रक (ट्रॉला) शनिवार भोर करीब 3:30 बजे औरैया कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाई-वे पर अनियंत्रित होकर अचानक पलट गया जिसमें 24 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 38 मजदूर घायल हो गए। घायलों को औरैया के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। 15 लोगों की हालत नाजुक होने से उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटना में प्रवासी कामगारों व श्रमिकों की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close