Home Sliderखबरेदेशविधानसभा चुनावहरियाणा

हरियाणा : रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने में भड़ाना को छूट रहे पसीने

फरीदाबाद । एनआईटी क्षेत्र से भाजपा का टिकट हासिल करने वाले निवर्तमान विधायक नागेंद्र भड़ाना को रूठे हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को मनाने में पसीने छूट रहे है। भाजपा संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के घर व कार्यालय पहुंचकर भड़ाना लगातर उन्हें मनाने का प्रयास कर रहे है, लेकिन इसमें वे कहां तक सफल होंगे इसका पता आने वाला समय ही बताएगा।

उधर भाजपा संगठन के नाराज पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अपने पाले में करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। चुनाव प्रचार में वे इस मुद्दे को भी जोरशोर से उठा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में इनेलो के टिकट पर चुनाव लड़े नागेंद्र भड़ाना इस सीट से विधायक चुने गए थे। उस दौरान यहां पूर्व भाजपा उम्मीदवार एवं भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष यशवीर डागर ने करीब 35 हजार वोट हासिल किए थे और वह करीब 7 हजार वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे। चुनाव हारने के बाद यशवीर डागर ने एनआईटी क्षेत्र में भाजपा संगठन को मजबूती से खड़ा करने का जो सिलसिला शुरू किया, वह 5 साल में मजबूत हो गया और यहां पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र प्रमुख सहित विभिन्न विभागों के संगठन तैयार हो गए। जब एनआईटी क्षेत्र से टिकट की बात आई तो पार्टी हाईकमान ने एक माह पूर्व इनेलो छोड़ भाजपा में आए निवर्तमान विधायक नागेंद्र भड़ाना को उम्मीदवार बना दिया।

इस निर्णय से भाजपा संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गहरी नाराजगी जताई। करीब 551 पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे दे दिए। हालांकि पूर्व भाजपा उम्मीदवार यशवीर डागर ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले है। नागेंद्र भड़ाना व यशवीर डागर के बीच छत्तीस का आंकड़ा है। ऐसे में डागर किस प्रकार नागेंद्र भड़ाना को समर्थन देंगे, इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं राजनैतिक गलियारों में जोरों पर चल रही हैं।

भाजपा उम्मीदवार नागेंद्र भड़ाना भी भलीभांति जानते हैं कि अगर उन्हें यह चुनाव जीतना है तो भाजपा का वोटबैंक उन्हें मिलना जरूरी है। एनआईटी क्षेत्र में उनकी हो रही खिलाफत को लेकर उनके समर्थकों भी चिंतित हैं। अब देखना यह है कि नाराज भाजपा संगठन के पदाधिकारी हाईकमान द्वारा तय किए गए उम्मीदवार की मदद करेंगे या फिर विपक्षी उम्मीदवारों को समर्थन देकर यहां पहले की तरह विपक्ष का विधायक बनवाते हैं, यह तो आने वाले समय में ही पता चल पाएगा।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close