Home Sliderखबरेदेशमहाराष्ट्रराज्य

महाराष्ट्र में पिछले 12 घंटों में बढ़े कोरोना के 12 मरीज, संक्रमितों की संख्या हुई 193

मुंबई । महाराष्ट्र में पिछले 12 घंटों में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में 12 का इजाफा हुआ है। मुंबई में 4, पुणे में 6 तथा नागपुर व सांगली में एक-एक कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस तरह पूरे राज्य में रविवार सुबह तक कुल 193 केस पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य में अब तक छह कोरोना पीड़ितों की मौत हो चुकी है, इनमें एक डॉक्टर भी है।

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि राज्य में सभी कोरोना मरीजों का सरकार मुफ्त इलाज करने वाली है। साथ ही कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए राज्य में अलग खाता खोला गया है। मुख्यमंत्री ने दानदाताओं से बढ़-चढ़कर इस खाते में दान देने की अपील की है। उन्होंने लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की भी अपील की है।

जानकारी के अनुसार मुंबई में आज 77 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज हो रहा है। सांगली जिले में कोरोना से 25 लोग बीमार हैं। पुणे जिले में 38 कोरोना मरीजों का इलाज जारी है। इसी तरह नागपुर में 12, कल्याण डोंबिवली में सात कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है। नवी मुंबई में 6 मरीजों का इलाज चल रहा है। ठाणे में 5, यवतमाल में 4, वसई-विरार में 4, अहमदनगर में 3, सातारा में 2, पनवेल में 2 और उल्हासनगर, औरंगाबाद, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पालघर, कोल्हापुर, गोंदिया में 1-1 मरीज का इलाज चल रहा है। मुंबई में गुजरात के एक कोरोना पीड़ित मरीज का इलाज जारी है।

स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि राज्य में कोरोना पीड़ितों का इलाज सरकार अपने खर्च पर करने वाली है। साथ ही राज्य में टेस्टिंग लैब और वेंटिलेटर की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसी तरह राज्य में पहले भर्ती किए गए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। इसलिए इस रोग से कोई भी पैनिक न हो। लोग अपने घर में रहकर सोशल डिस्टैंसिंग बनाए रखें।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close