Home Sliderखबरेदेशनई दिल्लीराज्य

रेल मंत्रालय ने दिए औरंगाबाद मालगाड़ी हादसे की जांच के आदेश, उपराष्ट्रपति ने जताया दुख

नई दिल्ली । औरंगाबाद में मालगाड़ी की चपेट में आने से शुक्रवार को 16 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि तीन घायल है। रेल मंत्रालय ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने हादसे पर दुख जताया है। मालगाड़ी की चपेट में आए मजदूर मध्य प्रदेश के थे।

रेल मंत्रालय ने घटना के संबंध में बताया है कि शुक्रवार तड़के लोको पायलट ने जब ट्रैक पर कुछ मजदूरों को देखा तो उसने मालगाड़ी को रोकने की कोशिश की, लेकिन इसमें सफल नहीं हुआ। आखिरकार परभणी-मनमाड सेक्शन पर बदनापुर और करमद स्टेशनों के बीच उन्हें टक्कर मार दी। घायलों को औरंगाबाद सिविल अस्पताल ले जाया गया है। जांच के आदेश दिए गए हैं।

रेलवे के अनुसार, शुक्रवार को लगभग 5.22 बजे, ट्रेन नंबर एनपीएनवी/बीटीपीएन-ई, एक्सो के लोको पायलट ने पीसीओआर/नांदेड़ को सूचित किया कि नांदेड़ डिवीजन के औरंगाबाद पोस्ट-अधिकार क्षेत्र के बदनापुर-कर्मद रेलवे स्टेशन के बीच 15 से 20 व्यक्ति ट्रैक पर सो रहे थे, जिनमें से 16 व्यक्तियों की मौत हो गई और तीन व्यक्ति घायल हैं।

हादसे के शिकार मजदूर मध्यप्रदेश के शहडोल और उमरिया जिले के रहने वाले थे। वह महाराष्ट्र के जालना में एसआरजी कंपनी में श्रमिक थे। हादसे में बचे एक मजदूर ने बताया कि वह लोग गुरुवार शाम को सात बजे जालना से बदनापुर के लिए सड़क मार्ग से पैदल ही रवाना हुए और फिर बाद में वह औरंगाबाद की ओर जाने वाले रेल ट्रैक पर चलने लगे। लगभग 36 किलोमीटर तक चलने के बाद, वे थक गए और कुछ आराम करने के लिए ट्रैक पर बैठ गए और धीरे-धीरे गहरी नींद में चले गए। सभी मजदूर जालना में एक लोहे की फैक्ट्री में काम करते थे और भुसावल से मध्यप्रदेश के लिए एक विशेष ट्रेन पकड़ना चाहते थे। कल भी औरंगाबाद से मध्यप्रदेश की ट्रेन चली थी।

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने हादसे में मारे गए मध्यप्रदेश के मजदूरों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीट संदेश में कहा, औरंगाबाद के निकट रेल दुर्घटना में प्रवासी मजदूरों की असामयिक मृत्यु से स्तब्ध हूं और शोकाकुल परिजनों के दुख और व्यथा को महसूस कर सकता हूं। उनके शोक में सम्मिलित हूं। उन्होंने कहा कि विश्वास करता हूं कि रेलवे तथा स्थानीय प्रशासन घायलों और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और राहत उपलब्ध करा रहे हैं। दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि महाराष्ट्र के औरंगाबाद जालना रेलवे लाइन पर हुई दुर्घटना में प्रवासी मजदूरों की दर्दनाक मृत्यु की खबर से आहत हूं। यह अत्यंत दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मृतकों को श्रद्धांजलि। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को दुख सहने की शक्ति दे। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close