Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

PM मोदी सहित राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम वरिष्ठ राजनेताओं ने महात्मा गांधी को उनकी 148वीं जयंती के मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और अन्य नेताओं ने सोमवार को सुबह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर राजघाट पर सर्व धर्म प्रार्थना भी की गई। 

pm modi 2
गांधी जयंती के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्र के नाम जारी संदेश में कहा कि गांधी जयंती राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों और मूल्यों के प्रति फिर से समर्पित होने का अवसर है। सादा जीवन और उच्च नैतिक आदर्श के प्रतिरूप गांधीजी ने अपने नेतृत्व के जरिए देश को एक नई दिशा दी। उनका अहिंसा और शांति का दर्शन आज के युग में और भी अधिक प्रासंगिक है। चरखे और खादी के जरिए उन्होंने आत्मनिर्भरता और श्रम की गरिमा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों और सरकारी विभागों की जिम्मेदारी ही नहीं है। आज भारत स्वच्छता ही सेवा अभियान के जरिए स्वच्छता और हाइजिन के लिए संघर्ष कर रहा है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि गांधी जयंती पर बापू को शत्-शत् नमन! महात्मा गांधी के महान आदर्शों ने दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित किया। रेल मंत्री पीयूष गोयल और मनोज सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र व समाज हित में लगाया, उनके जन्मदिवस पर महान आत्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।

कानून एवं न्याय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा गांधी जयंती पर महात्मा गांधी को मेरा नमन। स्वच्छ भारत में हमारा योगदान ही बापू को हमारी असली श्रद्धांजलि होगी। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने अपने संदेश में कहा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के जन्मदिवस पर उन्हें सादर नमन।

Related Articles

Back to top button
Close