उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

रोडवेज बस संचालन न होने से शहरी दुनिया से दूर हैं ग्रामीण

कानपुर देहात, 22 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई बस सेवाओं की शुरुआत की है। पर जनपद में परिवहन निगम के आला अधिकारियों की उदासीनता के चलते शिवली से माती तक बस सेवा उपलब्ध नहीं कराई गई है। जिससे यात्रियों खासा तकलीफ का सामना करना पड़ता है। बस न मिलने के चलते लोग रास्ते से निकल रहे ट्रकों का सहारा लेते हैं। कुछ यात्री तो अपने जरूरी कामों को नहीं कर पाते हैं। यही कारण है कि आज भी ग्रामीण क्षेत्र के लोग शहरी दुनिया से अभी तक दूर है। 

जनपद के शिवली कस्बे से माती मुख्यालय तक पहुंचने के लिए लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कानपुर देहात जिले का मुख्यालय माती में बने होने के साथ ही न्यायिक कार्य भी माती में संचालित होते हैं। जिसके कारण कस्बे के लोगों का माती आना जाना बना ही रहता है। शिवली से वायां रूरा होते हुए माती जाने के लिए प्राइवेट बसों के साथ-साथ विक्रम व ट्रकों का सहारा लेना पड़ता है। जबकि कई बार जनता जनार्दन ने शासन प्रशासन के साथ क्षेत्रीय विधायक और सांसद को भी इस विषम समस्या से अवगत कराया। लेकिन इस सबके बावजूद भी शिवली से माती के लिए सरकारी बस सेवा शुरू न हो सकी।

इतनी समस्या होने के बाद भी राहगिरों को समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। इसका एक कारण परिवहन विभाग के अधिकारियो की उदासीनता भी मुख्य है । क्योकि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों ने भी शिवली से वायां रूरा-माती मार्ग से मुंह मोड़ रखा है। देहात जिले के करीब-करीब सभी विभागीय अधिकारियों के कार्यलय माती मुख्यालय में स्थित है। शिवली से माती पंहुचने के लिए पहले शिवली से रूरा तक प्राइवेट बस का सहारा लेना पड़ता है। 

उसके बाद करीब दो किलो मीटर पैदल सफर कर डेरापुर मार्ग के निकट पहुंचते ही यहां से विक्रम या ट्रकों का सहारा लेना पड़ता है इतनी परेशानियों से दो चार होते हुए लोग शिवली से रूरा होते हुए अकबरपुर पहुंच पाते है। उसके बाद करीब पांच सौ मीटर चलने के बाद माती जाने के लिए फिर विक्रम आदि का सहारा लेना पड़ता है। तब माती मुख्यालय पहुंच पाते है कार्यों के निपटारा में थोड़ी बहुत देरी होने पर आने जाने के साधनों का टोटा नजर आता है।

जब हिन्दुस्थान समाचार संवाददाता ने मुख्यालय जाने वाले राहगीरों से बात की तो उन्होंने बताया कि माती जाने के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस सबके बाद भी उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन सड़क निगम के अधिकारी भी सब कुछ जानते हुए भी मुंह मोड़े हुए हैं। यदि शिवली से माती मुख्यालय जाने के लिए लोगों को सही साधन उपलब्ध हो तो समय के साथ दैनिक यात्रियों को आने जाने के लिए भटकना न पड़े ।

Related Articles

Back to top button
Close