Home Sliderदेशनई दिल्ली

आज से केरल-दिल्ली सांस्कृतिक महोत्सव शुरू

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर : केरल के संस्कृति मंत्री एके बालन ने आज शनिवार को दिल्ली आकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। 

दरअसल दिल्ली सरकार और केरल सरकार मिलकर एक सांस्कृतिक धरोहर उत्सव के आयोजन की शुरुआत की है। इसी सिलसिले में एके बालन ने मुख्यमंत्री आवास प्लैग स्टाफ रोड जाकर चर्चा की। 

शनिवार से शुरू होकर 16 अक्टूबर तक सांस्कृतिक धरोहर उत्सव का आयोजन राजधानी दिल्ली में किया जाएगा। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और उनके दिल्ली के समकक्ष अरविंद केजरीवाल संयुक्त रूप से कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में शाम 6 बजे उद्घाटन करेंगे। इसके लिए केरल के मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंच चुके हैं। 

यह महोत्सव तीन स्थानों सेंट्रल पार्क, केरल भवन और एनडीएमसी हॉल में आयोजित होगा, जिसमें दोनों राज्यों के करीब 800 कलाकार भाग लेंगे। महोत्सव में ‘चेम्मीन’, ‘निर्माल्यम’ और ‘नीलकुईल’ सहित कई अन्य मशहूर मलयालम फिल्में दिखाई जाएंगी। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के लिए क्विज, कहानी लेखन और हस्तलेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में केरल पुरातत्व विभाग व संग्रहालय विभाग और साहित्यिक कार्यक्रमों की प्रदर्शनी भी देखने को मिलेगी। इस उत्सव में भारतीय समाज विशेषकर दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के समुदायों में केरल के सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। (हि.स.)।

Related Articles

Back to top button
Close