Home Sliderदेशनई दिल्ली

उपचुनाव परिणाम: अपनी साख बचाने में कामयाब केजरीवाल, आप विजयी

नई दिल्ली, 28 अगस्त : दिल्ली विधानसभा उपचुनाव के बवाना सीट पर नतीजे आप के पक्ष में रहे। सोमवार को हुई 28 राउंड की गिनती के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार रामचंद्र भाजपा के उम्मीदवार वेद प्रकाश के खिलाफ 51070 वोटों के साथ पहले स्थान पर रहे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को 24 हजार वोटों के अंतर से हराया। अंतिम परिणामों के अनुसार भाजपा को 35834 वोट जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार 31919 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। 

इससे पहले शुरुआत में सुरेंद्र कुमार अपने प्रतिद्वंदियों से आगे चल रहे थे लेकिन आठवें चरण के मतदान के बाद रामचंद्र उनसे आगे निकल गए। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय ने बताया कि सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना 28 चरणों में पूरी की गई। 

मतदाताओं की संख्या (2.94 लाख) के लिहाज से बवाना दिल्ली के सबसे बड़े विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। बवाना सीट पर उपचुनाव 23 अगस्त को हुआ था और उस समय केवल 45 फीसदी मतदान हुआ था। कुल आठ उम्मीदवार इस दौड़ में शामिल रहे। कांग्रेस यह उपचुनाव जीत कर दिल्ली विधानसभा में खाता खोलने की उम्मीद कर रही थी। पार्टी का वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में पूरी तरह सफाया हो गया था। 70 सदस्यीय विधानसभा में आप के 65 और भाजपा के चार विधायक हैं।

दरअसल दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा से पिछड़ने के बाद इसे आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए अहम माना जा रहा है। पार्टी अपनी साख बचाने में कामयाब रही।

Related Articles

Back to top button
Close