खबरेविदेश

पार्कर सोलर प्रोब मिशन सूर्य तक लेकर जाएगा 11 लाख लोगों के नाम

वॉशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का पार्कर सोलर प्रोब मिशन इस साल जुलाई में करीब 11 लाख लोगों के नाम सूर्य तक ले जाएगा। सात साल के अपने मिशन के दौरान यह सूर्य के वातावरण से 24 बार गुजरेगा। अब से पहले कोई भी अंतरिक्ष यान सूर्य के इतने करीब नहीं पहुंचा। अमेरिका की जॉन्स हॉपकिन्स अप्लाइड फिजिक्स लैब में तैयार पार्कर सोलर प्रोब की प्रॉजेक्ट साइंटिस्ट निकोला फॉक्स ने कहा, पार्कर सोलर प्रोब सूरज के बारे में हमारी समझ में क्रांति लाएगा। यह वह यान होगा, जो सूर्य का करीब से अध्ययन करेगा। उन्होंने बताया, यह उचित है कि जैसे-जैसे यह मिशन अन्वेषण की उस चरम यात्रा पर पहुंच रहा है, जिसका किसी भी मानव निर्मित वस्तु द्वारा पहली बार सामना किया जा रहा है, वैसे ही हमारा उत्साह बढ़ता जा रहा है।

यह अंतरिक्ष यान उन कई लोगों के नाम भी साथ ले जाएगा, जो इसे लेकर काफी उत्साहित हैं। मार्च में सूर्य तक जाने वाले अंतरिक्षयान के साथ अपने नाम भेजने के लिए लोगों को आमंत्रित किया गया था। साढे़ सात हफ्ते तक चली इस प्रक्रिया में कुल 11,37,202 नाम दर्ज हुए। इन लोगों के नाम एक मेमोरी कार्ड में डाले गए, जिसे 18 मई को अंतरिक्ष यान में लगाया गया। यह अंतरिक्ष यान 31 जुलाई को उड़ान भरेगा। इस मिशन का नाम यूगीन पार्कर के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने सौर हवाओं की मौजूदगी के बारे में पहली बार अनुमान लगाया था। यह नासा का पहला मिशन है, जो किसी जीवित व्यक्ति के नाम पर है। पार्कर सोलर प्रोब सूरज के बाहरी वातावरण की खोज करेगा और सितारों की भौतिकी के बारे में उठ रहे दशकों पुराने सवालों के जवाब देगा।

Related Articles

Back to top button
Close