Home Sliderखबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

मराठा आंदोलन: हिंगोली, सिंधुदूर्ग व जालना में वाहन फूंके गए, सोलापुर,नासिक में पथराव

लातुर में विधायक की गाड़ी की तोड़-फोड़, अहमदनगर में पथराव में 6 घायल

मुंबई, 09 अगस्त (हि स )। मराठा आंदोलनकारियों का गुरुवार सुबह से शुरू किया गया महाराष्ट्र बंद आंदोलन दोपहर तक हिंसक हो गया है। लातुर में आंदोलनकारियों ने कांग्रेस विधायक त्र्यंबक भिसे की गाड़ी पर पथराव किया है। इसी तरह अहमदनगर में वाहनों पर पत्थरबाजी में 2 अधिकारी व 4 फायर ब्रिगेड के जवान घायल हो गए हैं। आंदोलनकारियों ने नासिक व इचलकरंजी में मिनी बस जला दी है। हिंगोली में आंदोलनकारियों ने बैलगाड़ी व हल आदि लाकर महामार्ग जाम कर दिया है। यहां टायर जलाकर पूरा हायवे बंद रखा गया है। 

औरंगाबाद में सुबह से ही शांतिपूर्वक महाराष्ट्र बंद आंदोलन चल रहा है। क्रांति चौक पर सुबह से ही यहां भारी संख्या में आंदोलनकारी जमा होकर सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे हैं। यहां आंदोलनकारियों ने सभी महामार्ग बंद करवा दिए हैं , महामार्गों पर ही आंदोलनकारी धरना आंदोलन कर रहे हैं। यहां मराठा क्रांति मोर्चा ने बैठक भी आयोजित की और हिंसा न करने की अपील अपने साथियों से की है। मराठा क्रांति मोर्चा की बैठक में निर्णय लिया गया है कि 15 अगस्त तक मराठा आंदोलनकारियों पर दर्ज मोर्चे वापस न लिए जाने पर चूल्हा बंद आंदोलन किया जाएगा। 

अहमदनगर जिले में हो रहे मराठा क्रांति मोर्चा के आंदोलन में गुरुवार को विधानसभा के विपक्षी नेता राधाकृष्ण विखे पाटील भी सहभागी हुए हैं। यहां मराठा आंदोलकों ने कई वाहनों की तोड़ फोड़ की है। यहां आंदोलनकारियों ने निजी वाहनों में आग लगा दी थी, घटनास्थल पर आग बुझाने पहुंचे फायरब्रिगेड के जवानों को भी मराठा आंदोलनकारियों के गुस्से का शिकार होना पड़ा है। यहां पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। इसी प्रकार पुणे में हो रहे मराठा आंदोलन में राकांपा नेता अजीत पवार भी शामिल हुए और उन्होंने आंदोलनकारियों के साथ महामार्ग पर बैठकर धरना आंदोलन भी किया है। 

पुणे में एसटी,टीएमटी बस परिवहन सेवा पूरी तरह से बंद रखी गई है। यहां आंदोलनकारियों ने बाजार, दुकानें सभी बंद करवा दी हैं। सुरक्षा के यहां भारी मात्रा में इंतजाम किए गए है। पुणे के चाकण सहित 7 शहरों की इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। सोलापुर में भी मराठा आंदोलनकारियों ने महामार्ग पर धरना आंदोलन जारी रखा है। यहां किसी भी तरह की हिंसक घटना की खबर नहीं मिली है। कोंकण में सिंधुदूर्ग, रत्नागिरी जिले में आंदोलनकारियों ने हायवे पर धरना आंदोलन जारी रखा गया है। 

Related Articles

Back to top button
Close