Home Sliderखबरेहिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश : रामपुर बस दुर्घटना में अब तक 29 लोगों की मौत , 9 घायल

शिमला, 20 जुलाई : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर कस्बे के नजदीक एक निजी बस गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 29 लोगों की मौत हो गयी और 9 घायल हो गए। घायलों को खनेरी और रामपुर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल हुए 3 लोगों को आईजीएमसी रेफर किया गया है। बस चालक व परिचालक हादसे में घायल हुए हैं। 

यह दुर्घटना सुबह करीब नौ बजे रामपुर-शिमला राजमार्ग पर खनेरी नामक स्थान पर हुई। घटनास्थल रामपुर से 6 और शिमला जिला मुख्यालय से लगभग 125 किलोमीटर दूर है। यह निजी बस किन्नौर जिले के रिकांगपिओ से सोलन जिले के नौणी की ओर जा रही थी। बस के खाई में गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा लोग जोर-जोर से मदद की गुहार लगाने लगे। बस खाई से पलटते हुए सतलुज नदी किनारे गिरी और इस वजह से बस के परखच्चे उड़ गए। 

bus image

रामपुर के उप-पुलिस अधीक्षक देव कुमार नेगी ने बताया कि बस में 40 के करीब लोग सवार थे। इनमें 29 लोगों की मौत हो गई है और 9 अन्य घायल हैं। गंभीर तौर पर घायल 3 यात्रियों को आईजीएमसी रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक हादसे में मरने वाले 12 लोगों की पहचान ही हो पाई है, जो किन्नौर जिले के रहने वाले हैं। 

एसडीएम निपुण जिंदल ने बताया कि सभी शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया है। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी हैं, जिनकी शिनाख्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना से प्रभावित लोगों के परिजनों को प्रशासन की तरफ से 10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। 

गौरतलब है कि इस साल शिमला के ऊपरी क्षेत्र में हुआ यह दूसरा भीषण बस हादसा है। इससे पहले अप्रैल माह में चौपाल तहसील के नेरवा में उतराखण्ड की एक निजी बस के खाई में गिरने से 45 लोग मारे गए थे। हिमाचल प्रदेश में हर साल विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में करीब 1000 लोग मारे जाते हैं। 

Related Articles

Back to top button
Close