Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

चिदंबरम ने केंद्र पर तंज कसते हुए कहा- सरकार की नजर में तेल कंपनियां ही गरीब, आम जनता नहीं

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने कच्चे तेल की कीमतों में लगातार दूसरे दिन हुई वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लगता है सरकार की नजर में आम जनता और मध्यमवर्गीय परिवार के लोग गरीब नहीं रह गए हैं। उन्हें सिर्फ तेल कंपनियों की जरूरतें ही दिख रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को यह समझना होगा कि अगर कोविड-19 महामारी और लॉकडाउन की समस्या से कंपनियां परेशान थीं तो आम जनता को भी इससे लाभ नहीं हुआ है बल्कि वो ज्यादा त्रस्त रहे हैं।

पी. चिदंबरम ने कच्चे तेल की कीमतों में पिछले दो दिनों से हुई बढ़ोतरी को लेकर सोमवार को ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘ईंधन की बिक्री कीमतें दो दिन में दो बार बढ़ीं। वो भी दो सप्ताह पहले कर वृद्धि के बाद। इस बार तेल कंपनियों के फायदा के लिए। सरकार गरीब है, उसे अधिक करों की आवश्यकता है। तेल कंपनियां गरीब हैं, उन्हें बेहतर कीमतों की जरूरत है। केवल गरीब और मध्यम वर्ग गरीब नहीं हैं, इसलिए वे भुगतान करेंगे।’

कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार को अपना कोष भरना है तो आम जनता पर कर थोप दिया जाता है। उनकी मित्र कंपनियों को लाभ कमाना है कि गरीब जनता को निचोड़ा जाता है। आखिर सरकार लोगों के बारे में कब सोचेगी। आम जनता को भी तो अपनी जरूरतों को लेकर परेशानियां झेलनी पड़ी रही हैं।

उल्लेखनीय है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को लगातार दूसरे दिन 60 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने 83 दिनों के अंतराल के बाद कीमतों की दैनिक समीक्षा फिर शुरू की है। (एजेंसी, हि.स.)

Tags

Related Articles

Back to top button
Close