Home Sliderखबरेछत्तीसगढ़राज्य

विकास यात्रा को हरी झंडी बोले गृहमंत्री , आदिवासियों का सबसे बड़ा दुश्मन नक्सली

रायपुर,(ईएमएस)। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज छत्तीसगढ़ पहुंचने के बाद सबसे पहले मुख्यमंत्री रमन सिंह के साथ मां दंतेश्वरी का दर्शन कर पूजा-अर्चना की और दंतेवाड़ा में विकास रथ को हरी झंडी दिखाई। केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने छत्तीसगढ़ में जय जोहार से अभिवादन करते हुए ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की जमकर तारीफ करते हुए प्रदेश में विकास यात्रा का आगाज किया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सली आदिवासियों का दुश्मन है। उन्होंने कहा कि मैं भी मुख्यमंत्री रहा लेकिन रमन सिंह जैसा मुख्यमंत्री मैंने नहीं देखा। उन्होंने कहा कि जिले में दो दिन के इस विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने 231 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया, वहीं 11 हजार से अधिक हितग्राहियों को विकास व सामाजिक सरोकार से जुड़ी योजनाओं से लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि विकास यात्रा के माध्यम से अलग-अलग जगह जाकर जनता से सीधा संवाद किया जायेगा। गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि डॉ. सिंह पहला मुख्यमंत्री है जो जनता की समस्याओं से सीधे संवाद करते हैं और लोगों को लगभग सभी सुविधाएं मुहैय्या कराते हैं। उन्होंने कहा कि जब कि किसी राज्य के गरीबों और आदिवासियों का विकास नहीं होता है, तब तक उसके विकास की कल्पना भी साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ की पीडीएस सिस्टम पूरे देश में लागू किया जा रहा है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि रमन सिंह ने प्रदेश की जनता की चिंता की है। बेटियों को साइकिल, महिलाओं को सिलाई मशीन और स्मार्ट फोन देने वाले पहले मुख्यमंत्री है। ऐसे मुख्यमंत्री के कार्यों का स्वागत विरोधी दलों द्वारा भी किया जाना चाहिए, लेकिन यहां विरोध हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में लोग बूंद-बूंद पानी को तरसते थे, ना ही सड़कें थीं और ना ही बिजली। लेकिन आज प्रदेश की तस्वीर बदल गई है। छत्तीसगढ़ में सभी क्षेत्रों में विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि अब बड़ी से बड़ी ताकत यहां के भोले-भाले लोगों को गुमराह नहीं कर सकती। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेसियों को अपने गिरेबान में झांकने की जरूरत है, की उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान क्या किया।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आमसभा में उद्बोधन जय जोहार के साथ शुरू किया। इस दौरान मुख्यमंत्री रमन सिंह ने मौजूद जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को इस भीषण गर्मी में उत्साह के साथ मौजूद रहने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वे इस यात्रा के दौरान भी जनता को कई सौगात देंगे। उन्होंने कहा कि हमने छत्तीसगढ़ को आदर्श राज्य के रूप में स्थापित करने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने अपने संबोधन में वीर गेंद सिंह, गुंडाधूर को याद किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का विकास प्रदेश के ढाई करोड़ जनता में सफल होगा। दंतेवाड़ा से विकास यात्रा की शुरूआत होती है तो मैं इसे तीर्थ यात्रा मानते हुए सफल मानता हूं। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि परिवर्तन यात्रा के चलते वर्ष 2003 में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिला। उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश में हुए विकास को गिनाते हुए करते हुए कहा कि यह विकास यात्रा नहीं तीर्थ यात्रा है। इसके साथ उन्होने भूपेश बघेल और राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विकास देखना है तो छत्तीसगढ़ के गांवों में घुमें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को राजनांदगांव का एक चक्कर लगवाएं और देखें कि विकास क्या होता है। और राहुल गांधी 15 साल में उस तरह का विकास अमेठी में करके दिखाएं

इस दौरान मंच पर भाजापा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, रामसेवक पैकरा, रमशीला साहू, पुन्नूलाल मोहिले, दयालदास बघेल, राजेश मूणत, केदार कश्यप, महेश गागड़ा, बस्तर सांसद दिनेश कश्यप मौजूद रहे. वहीं मुख्यमंत्री रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह भी उनके साथ मौजूद थी।

Related Articles

Back to top button
Close