खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

अखिलेश को क्षेत्रीय पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना हास्यास्पद: भाजपा

लखनऊ, 05 अक्टूबर (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के आगरा राष्ट्रीय सम्मेलन को लिखी हुई पटकथा करार दिया। सम्मेलन को घोषित समय से पूर्व समाप्त कर देना यह साबित करता है कि यह कोई राजनैतिक आयोजन नहीं था। 

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डा. चन्द्रमोहन ने कहा कि राजनैतिक व आर्थिक प्रस्तावों पर भी कोई चर्चा और सुझाव न आना राष्ट्रीय सम्मेलन की स्थिति को स्पष्ट करता है। मंच से लेकर मैदान तक की अराजकता ने सपाई संस्कृति का पुनर्स्मरण कराया।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव का राष्ट्रीय सम्मेलन में आशीर्वाद देने के लिए न पहुंचना बताता है कि आन्तरिक स्थितियां बहुत ही खराब है। जनाधार रखने वाले नेता लगातार उपेक्षित और अपमानित महसूस कर रहे हैं। सपा सम्मेलन में कोई राजनैतिक रोडमैप प्रस्तुत नहीं कर पायी। अखिलेश व पार्टी के नेता केवल केन्द्र और प्रदेश सरकार की तथ्यहीन आलोचना की कवायद ही करते रहे।

उन्होंने कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की नीतियों को व्यापक जन समर्थन मिल रहा है। प्रदेश की जनता सपा सरकार के गुण्डाराज और भ्रष्टाचार को भूली नहीं है। प्रदेश की जनता 2019 में 2014 से भी अधिक जनसमर्थन देने का मन बना चुकी है। प्रदेश की जनता ने सपा को लगातार दो चुनावों में नकार दिया है। ऐसे में अखिलेश यादव को क्षेत्रीय पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना हास्यास्पद है।

Related Articles

Back to top button
Close