उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

अपराजेय साबित होगी सपा-बसपा की निकटता : मुलायम

मैनपुरी (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश की गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीट पर हुए उप-चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन को मिली कामयाबी के बाद दोनों पार्टियों के हौसले बुलंद हैं। अखिलेश यादव और मायावती की सियासी निकटता को समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने भी अपराजेय करार दिया है। मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी के किशनी में सपा-बसपा के गठबंधन को ‘अच्छी कोशिश’ बताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गठबंधन अगले आम चुनाव में निर्णायक साबित होगा। जनसभा को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि जो पहल की गई है, उसे जारी रखा जाना चाहिए। दोनों के एक होने से लोकसभा चुनाव में उन्हें दिल्ली पहुंचने से कोई नहीं रोक सकेगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के पास जो नीतियां हैं, वे देश की किसी पार्टी के पास नहीं हैं।

उन्होंने लोकसभा उपचुनाव में सपा का सहयोग करने के लिए बसपा को धन्यवाद भी दिया। साथ ही केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि देश में महंगाई और भ्रष्टाचार साथ-साथ चल रहे हैं। महिलाएं समझदार हैं और वे समझ रही हैं कि किसे वोट देना है। उल्लेखनीय है कि फूलपुर और गोरखपुर में पिछले दिनों संसदीय सीटों पर हुए उपचुनाव में अखिलेश यादव और मायावती ने मिलकर चुनाव लड़ा था, जिसकी वजह से भाजपा को पराजय का मुंह देखना पड़ा था।

Related Articles

Back to top button
Close