उत्तराखंडखबरेराज्य

‘आप’ ने किया जल संस्थान कार्यालय पर प्रदर्शन

देहरादून, 05 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को दीपनगर वार्ड क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति की समस्या के संबंध में क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर जल संस्थान कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक एसके शर्मा को एक ज्ञापन दिया। 

आम आदमी पार्टी के दीपनगर वार्ड अध्यक्ष विंसी पांचाल ने कहा कि पेयजल जीवन की मूल आवश्यकताओं में से एक है जिसके बिना जीवन संभव नहीं है। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में पेयजल आपूर्ति गाँव-गाँव तक पहुंचाने के खोखले दावे किये जाते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि प्रदेश की राजधानी में ही आम जनता पेयजल के लिये त्रस्त है। राजधानी के दीपनगर क्षेत्र में पिछले लम्बे समय से आम जनता पेयजल की समस्या से जूझ रही है, स्थिति यह है कि क्षेत्र की महिलायें को देर-सवेर रातों को दूसरे क्षेत्रों से पानी लाने को भटकना पड़ रहा है। एक तरफ महिला सशक्तिकरण की बात करने वाली सरकार दूसरी ओर महिलाओं का शोषण कर रही है। 

उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय जनता द्वारा संबंधित क्षेत्र के जेई को कई मर्तबा इस संबंध में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जेई द्वारा हमेशा टालमटोल रवैया अपनाते हुए आज-कल में पेयजल व्यवस्था सुचारू होने के झूठे आश्वासन दिये जाते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि तत्काल प्रभाव से दीपनगर क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था सुचारू नही होती है तो भविष्य में आम आदमी पार्टी सडकों पर आकर आंदोलन करने को विवश होगी। जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी। इस अवसर पर प्रदेश संचालन समिति में संगठन मंत्री उमा सिसौदिया, मध्य दून जिलाथ्यक्ष विशाल चौथरी, जिला सचिव जीतेन्द्र पंत, महानगर अध्यक्ष अशोक सेमवाल, विपिन खन्ना, विनोद बजाज व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
Close