Home Sliderखबरेविदेश

इस वजह से म्यांमार की नेता सू ची से वापस लिया गया ऑक्सफोर्ड सम्मान

लंदन, 04 अक्टूबर (हि.स.)। रोहिंग्या मामले में समुचित कदम नहीं उठाने पर सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड ने म्यांमार की नेता आंग सान सू ची से प्रदत्त सम्मान वापस ले लिया है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।

ऑक्सफोर्ड सिटी काउंसिल ने म्यांमार की इस नेता को लोकतंत्र के लिए लंबा संघर्ष करने के लिए साल 1997 में ‘फ्रीडम ऑफ ऑक्सफोर्ड’ अवॉर्ड प्रदान किया था। परिषद ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि सू ची के पास यह सम्मान होना अब उपयुक्त नहीं है।

ऑक्सफोर्ड सिटी काउंसिल के नेता बॉब प्राइस ने उनका सम्मान वापस लेने के कदम का स्वागत किया और इस बात की पुष्टि की कि यह स्थानीय प्रशासन के लिए अप्रत्याशित कदम है। सिटी काउंसिल इस बात के सत्यापन के लिए 27 नवंबर को एक विशेष बैठक करेगी। 

नोबेल शांति पुरस्कार विजेता सू ची का सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड से गहरा नाता रहा है। वह अपने परिवार के साथ पार्क टाउन में रह चुकी हैं और वह साल 1964-67 के दैरान सेंट ह्यू कॉलेज गई थीं। सिटी काउंसिल के इस कदम से पहले सेंट ह्यू कॉलेज अपने प्रवेश द्वार से उनकी तस्वीर भी हटा चुका है।

वैसे तस्वीर हटाने का कारण समायोजन बताया जा रहा है, लेकिन ऐसा भी माना गया कि रोहिंग्या मुसलमानों का सफाया इसकी वजह हो सकती है। म्यामार में सेना के अभियान के बाद से करीब पांच लाख रोहिंग्या मुसलान विस्थापित हो चुके हैं।

Related Articles

Back to top button
Close