उत्तराखंडखबरेराज्य

कर्ज माफी को लेकर किसानों की भूख हड़ताल

रुडकी, 31 अगस्त (हि.स.)। किसानों के कर्ज माफी की मांग को लेकर 25 दिन से धरने पर बैठे भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने गुरुवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी। साथ ही किसानों ने जल्द देहरादून में सचिवालय का घेराव करने की भी चेतावनी दी। 

गुरुवार को तहसील परिसर में 51 किसानों ने भूख हड़ताल शुरू की। भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता विजय शास्त्री ने कहा कि जब तक सरकार किसानों का कर्ज माफ नहीं करती, तब तक लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जाएगा। 

वहीं, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि जल्द ही किसान यूनियन सचिवालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरुरत पड़ी तो किसान आत्महत्या करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इसके अलावा, जिलाध्यक्ष रवि चौधरी ने कहा कि आने वाले चुनावों में भाजपा के प्रत्याशियों का पुरजोर विरोध किसान यूनियन की तरफ से किया जाएगा। भूख हड़ताल करने वालों में धर्मेंद्र जयकरण, वीरेंद्र, राममूर्ति, रवि कुमार, विकेश चौधरी, अरविंद, विनोद प्रधान, सुक्रमपाल, राजेश ठाकुर, प्रभात, संदीप सैनी, अनूप कुमार, उदित कुमार, ओमपाल सिंह, बाबू राम, जनक सिंह, कालूराम पप्पू, प्रवेश ,महेंद्र सिंह, मोहम्मद अखलाक, मोहम्मद नईम, रोहित मेजर आदि शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button
Close