Home Sliderदेशनई दिल्ली

केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों पर मुहर लगाएगी भाजपा

शिमला, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक शनिवार को नई दिल्ली में होगी। शाम के समय होने वाली इस बैठक में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार तय करने पर चर्चा की जाएगी। चुनाव समिति अधिकांश उम्मीदवाराें के नामों पर शनिवार को अपनी मुहर लगा सकती है और जिसके बाद सूची जारी हो सकती है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत अन्य शीर्ष नेता केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य हैं। भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति ने बिलासपुर और चंडीगढ़ में दो बैठक कर उम्मीदवारों की सूची तैयार की है। इस सूची पर अंतिम मुहर केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा लगाई जाएगी। 

भाजपा द्वारा उम्मीदवारों की सूची में करीब एक दर्जन विधानसभा क्षेत्रों को छोड़ शेष अन्य क्षेत्रों में सहमति न बनने के कारण दो या इससे अधिक नामों को संस्तुति की गई है। भाजपा ने इस बार उम्मीदवारों से आवेदन नहीं मांगे हैं। प्रदेश के आला नेताओं के साथ केंद्र से आई सर्वे टीम की रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय चुनाव समिति ने उम्मीदवारी तय करनी है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 16 अक्टूबर को जारी होनी है, जिसके साथ ही नाम भरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राज्य में मतदान नौ नवम्बर को होना है। 

इस बीच कांग्रेस पार्टी भी उम्मीदवारों के चयन में व्यस्त है, जिसके लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के लिए आज दिल्ली जा सकते हैं। 

Related Articles

Back to top button
Close