खबरेमध्यप्रदेशराज्य

तापमान गिरने से किसानों की चिंता बढ़ी.

भोपाल/गुना, 11 मार्च (हि.स.)। रंगों के त्यौहार होली से पहले मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले दो-तीन दिन से आसमान में रह-रहकर छा रहे और शुक्रवार को प्रदेशभर में बूंदाबांदी हुई। राजधानी भोपाल में रातभर बादल छाए रहे और तेज हवाओं के साथ शीतलहर चलती रही, जिससे न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, हवाएं चलने से दिन का पारा भी लुढ़का है।

शनिवार को सुबह का मौसम ठंडा रहा और लोग गर्म पकड़ों में नजर आए। सर्द हवाएं चलने से तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। दिन का तापमान 06 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, तो रात के तापमान में भी 02 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। राजधानी भोपाल, ग्वालियर, गुना सहित आरोन, राघौगढ़, मधुसूदनगढ़, कुंभराज आदि पूरे अंचल में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहा और बूदांबांदी भी हुई।
मौसम विभाग की माने तो होली तक मौसम के हाल कुछ ऐसे ही रहेंगे। इस दौरान बूंदाबांदी के साथ ओलों की संभावना भी बताई गई है। स्वास्थ्य के साथ ही खेती-किसानी के लिहाज से भी यह मौसम नुकसानदायक बताया जा रहा है। इससे सर्दी-जुकाम के मरीज बढऩे के साथ ही खेतों में खड़ी और कटी पड़ी फसल को नुकसान पहुँचने की बात कही जा रही है।

मौसम को लेकर किसानों में बढ़ी चिंता

उल्लेखनीय है कि पिछले दो-तीन दिन से मौसम में तब्दीली बनी हुई है। दिन में गर्मी तो रात में हलकी ठंड पड़ रही है। इस बीच आसमान पर बादल भी रह-रहकर छा रहे थे। इसी तारतम्य में आज पूरी तरह बदले मौसम से किसानों की चिंता बढ़ गई है। इन दिनों खेतों में रबी की फसल या तो कट कर खलिहानों में रखी या पक कर खेतों में खड़ी हुई है। ऐसे में यदि बारिश या बूंदाबांदी होती है। फसलों के दानों की चमक फीकी पड़ जाएगी। जिससे किसानों को उनकी उपज के सही दाम नहीं मिल पाएंगे। कृषि विभाग ने भी किसानों से पक चुकी फसल को जल्द काट कर सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है।

ये भी पढ़े ; भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल

पिछले दो दिन से अंचल में मौसम भी काफी ठंडा हो गया है। सुबह व शाम को ठंडी हवाएं भी चल रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि हल्की बारिश आगामी दिनों में हो सकती है। क्योंकि अंचल से लगे उत्तरप्रदेश के इलाकों में पिछले दिनों हल्की बारिश हो चुकी है। स्वास्थ्य की दृष्टि से यह मौसम काफी खतरनाक हो गया है।

Related Articles

Back to top button
Close