खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

बदमाशों की गोली से घायल महाकवि निराला के पौत्र की मौत, भतीजे ने दी मुखाग्नि

इलाहाबाद, 21 सितम्बर : बाइक सवार बदमाशों की गोली से घायल हुए महाकवि सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला के पौत्र अखिलेश त्रिपाठी (50) की उपचार के दौरान एसआरएन अस्पताल में मौत हो गयी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद गुरूवार सुबह शव परिवारीजनों को सौंप दिया। इसके बाद दारागंज घाट पर उनका अन्तिम संस्कार किया गया।

महाकवि सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला के पौत्र अखिलेश त्रिपाठी पुत्र स्व. राम कृष्ण त्रिपाठी निवासी बक्शी खुर्द दारागंज तीन भाइयों में बड़े थे। वह विश्वविद्यालय के पत्राचार संस्थान में किसी पद पर कार्यरत थे। लेकिन वर्तमान में कोई रोजगार नहीं था। उनकी दो बेटिंया हैं। 

nirala @@

गौरतलब है कि बुधवार की सुबह अखिलेश त्रिपाठी घर से पैदल सब्जी लेने के लिए दारागंज सब्जी मण्डी गये थे। इस बीच बाइक सवार दो बदमाश हेलमेट लगाकर पहुंचे और खनन माफिया गगन निषाद की हत्या करने की नियत से पहले जमीन पर बम पटककर दहशत फैला दी, फिर गोलियां चलाने लगे। गगन बचने के लिए अखिलेश के पास पहुंच गया। इस दौरान बदमाशों की गोली लगने से अखिलेश त्रिपाठी घायल हो गए। 
इस सनसनीखेज वारदात के दौरान एक महिला अनारा पत्नी राम शिरोमणि सहित तीन लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अखिलेश की हालत नाजुक होने की वजह से परिवार के लोग पहले एक निजी अस्पताल में लेकर गए। यहां हालत में सुधार नहीं होने पर बुधवार की रात घायल अखिलेश को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान रात में उनकी मौत हो गयी। 

निराला के पौत्र के शव का गुरूवार दोपहर दो चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। जिसमें अखिलेश के शरीर से एक गोली बरामद हुई है। पोस्टमार्टम के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस ने शव को परिजनों को अन्तिम संस्कार के लिए सौंप दिया। 

निराला के पौत्र के निधन की जानकारी मिलते ही शहर के कई राजनैतिक व समाजसेवी एवं पुलिस अधिकारी पहुंचे। गुरूवार दोपहर बाद दारागंज घाटपर उनके शव का अन्तिम संस्कार किया गया। उनके भतीजे ने मुखाग्नि दिया। अन्तिम संस्कार के मौके पर शहर उत्तरी के पूर्व विधायक अनुग्रह सिंह, वर्तमान मेयर अभिलाशा गुप्ता सहित कई राजनीतिक पहुंचे। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आनन्द कुलकर्णी के मुताबिक दो गुटों की वर्चस्व की जंग में बेगुनाह निराला जी के पौत्र की जान चली गयी। इस सम्बन्ध में हत्या का मुकदमा दर्ज करके शूटरों की तलाश के लिए टीमे लगा दी गयी हैं। थाने के अतिरिक्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया गया है। (हि.स.)।

Related Articles

Back to top button
Close