उत्तराखंडखबरेराज्य

भारत-नेपाल सेना का संयुक्त सैन्य अभ्यास प्रारंभ

Uttarakhand. पिथौरागढ़, 07 मार्च =  भारत-नेपाल सेना का संयुक्त सैन्य अभ्यास सूर्य किरण आज यहां अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार प्रारंभ हो गया है। बताते चलें कि भारत नेपाल के 11 वें संयुक्त सैन्य अभ्यास के लिए नेपाली सेना के अधिकारी और जवान सोमवार को ही पिथौरागढ़ पहुंच गए थे। नेपाली सेना के जवानों के स्वागत में संगीत संध्या का आयोजन भी हुआ।

देर सायं सैन्य क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत आर्मी सॉन्ग से हुई। कदम-कदम बढ़ाए जाए गीत से जवानों में जोश भरा गया। राग यमन की प्रस्तुति ने माहौल को संगीतमय बनाया। देशभक्ति गीतों की धुनों से जहां मौजूद लोगों का सीना गर्व से चौड़ा हुआ वहीं पश्चिमी संगीत की धुनों का लोगों ने खूब आनंद लिया। रॉक संगीत और जाज की धुनें लोगों ने खूब पसंद की।

दो घंटे से अधिक समय तक चली इस संगीत संध्या में नगर के तमाम लोगों ने भागीदारी की। भारतीय सेना के जवानों ने आकर्षक पाइप बैंड वादन किया। कार्यक्रम में बिग्रेडियर राकेश मनोचा और नेपाल सेना के कर्नल सुधीर सहित तमाम अधिकारी मौजूद थे। नेपाल के अधिकारियों ने संगीत संध्या के बाद इसे अविस्मरणीय अनुभव बताया।

ज्ञातव्य है कि भारत नेपाल के बीच होने वाला 11 वां सूर्य किरण संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास इस वर्ष भारत में हो रहा है। अभ्यास के दौरान दोनों देशों के जवान पर्वतीय क्षेत्रों में संभावित आतंकवादी हमलों से निपटने का अभ्यास करने के साथ ही अब तक के अपने अनुभवों को साझा करेंगे।

अभ्यास के दौरान आपदा प्रबंधन का अभ्यास भी होगा। बता दें भारत और नेपाल का बड़ा भू-भाग हिमायली क्षेत्र वाला हैं जहां आपदा के वक्त सेना ही बड़ी मददगार के रुप में सामने आती रही। इससे अभ्यास से हासिल होने वाला अनुभव भविष्य में आपदा की चुनौतियों से निपटने में सहायक होगा।

Related Articles

Back to top button
Close