खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

महंगाई के विरोध में राकांपा का जन हाहाकार आंदोलन

मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जीवनावश्यक वस्तुओं के बढ़ते दाम, पेट्रोल, डीजल, गैस की कीमतों में वृद्धि के विरोध में राकांपा नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व में शनिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस जन हाहाकार आंदोलन करते हुए सरकार की नीतियों का विरोध किया जाएगा।

राष्ट्रवादी कांग्रेस के पुणे शहराध्यक्ष संजोग वाघेरे-पाटिल ने बताया कि देश की जनता बढ़ती महंगाई से त्रस्त हो चुकी है। केन्द्र व राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल हो गई है। ऐसे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पूरी तरह से जनता के साथ है और जनता की परेशानियों के लिए वह सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगी। शहराध्यक्ष के अनुसार जन हाहाकार मोर्चा कालेवाड़ी के पांचपीर चौक से शनिवार को दोपहर तीन बजे शुरू होगा। 

इसके बाद पिंपरी कैम्प, डिलक्स चौक, पिंपरी बाजारपेठ, भाटनगर होते हुए आंबेडकर चौक पर मोर्चे का समापन होगा। इस मोर्चे में राकां कार्यकर्ताओं के साथ ही महंगाई से परेशान जनता बड़ी संख्या में शामिल होगी, ऐसी अपेक्षा शहराध्यक्ष वाघेरे-पाटिल ने व्यक्त की है। संजोग वाघेरे ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा, विधानसभा चुनाव में महंगाई, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर जनता से वोट मांगा और अच्छे दिन का सपना दिखा कर जनता पर महंगाई का बोझ लाद दिया है। पिछले तीन सालों में महंगाई इतनी बढ़ गई है कि जनता का जीना मुश्किल हो गया है। 

इसके साथ ही नोटबंदी, जीएसटी भी पूरी तरह से फेल हो गई है और जनता की कमर पूरी तरह से टूट गई है। देश के विकास की दर घट गई है। कर्ज माफी के नाम पर किसानों को धोखा दिया जा रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। अपराधों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। सरकार की इस असफलता के विरोध में राकांपा शनिवार से हाहाकार आंदोलन शुरू करने जा रही है।

Related Articles

Back to top button
Close