उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

शोभायात्रा को लेकर ठाकुरों से भिड़े दलित , एक की मौत

सहारनपुर, 05 मई = थाना बडगांव के शब्बीरपुर में महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान बवाल हो गया। ठाकुर व दलित पक्ष में पहले से ही तनातनी चली आ रही थी। दलितों के शोभायात्रा पर पथराव कर दिये जाने के बाद जमकर लाठी-डंडे और गोलियां चली। पथराव में ठाकुर पक्ष के एक युवक की मौत हो गयी और दोनों ओर से दर्जनों लोग घायल हुये। बवाल के बीच दलितों के घर आगजनी के शिकार हुये। तोड़फोड़ भी की गयी। यह आंच निकटवर्ती गांव महेशपुर तक पहुंच गयी। डीआईजी, डीएम, एसएसपी सहित आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पडोसी जनपद से भी फोर्स बुलानी पड़ी। गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

गांव शब्बीरपुर में महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को ठाकुर पक्ष डीजे बजाते हुए गांव में शोभायात्रा निकाल रहा था। दलितों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। गांव के रविदास मंदिर में मूर्ति स्थापना को लेकर गांव के दलितों व ठाकुर पक्ष में पहले से ही तनातनी चली आ रही है। ठाकुर पक्ष की शिकायत पर प्रशासन ने हाल ही मूर्ति स्थापना भी नहीं होने दी थी। शुक्रवार को जैसे ही शोभायात्रा दलितों की बस्ती के निकट पहुंची, तभी उस पर पथराव शुरू हो गया। इस पर उबाल खाये ठाकुरों ने लाठी डंडो के साथ दलितों पर चढाई कर दी। इस दौरान दोनों ओर से जबरदस्त पथराव के साथ फायरिंग भी शुरू हो गयी।

मायावती ने साधा PM पर निशाना बोली, जम्मू कश्मीर पर मोदी सरकार की नीति राजनीति से प्रेरित

दलितों का आरोप है कि ठाकुर पक्ष बिना अनुमति शोभायात्रा निकाल रहा था। विरोध किये जाने पर उन पर हमला बोला गया। उनके दर्जन भर घरों के साथ बिटौड़ो, वाहनों तथा घर के बाहर खड़ी बुग्गी आग के हवाले कर दिये गये। इस दौरान एक सीमेंट मिक्चर मशीन को भी आग के हवाले कर दिया गया। पथराव में महिलाओं सहित दोनों पक्षों के कई चोटिल हुये। पथराव में गम्भीर रूप से घायल हुये ठाकुर पक्ष के सुमित पुत्र ब्रहमपाल निवासी गांव रसूल पुर थाना देवबंद को नानौता स्थित सरकारी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। बवाल की आंच निकट वर्ती ग्राम महेश पुर तक पहुंच गयी। वहां भी दलित पक्ष के घरों व दुकानों में तोड़फोड़ हुयी।

बवाल की सूचना पर डीआईजी जितेन्द्र कुमार शाही, डीएम एनपीसिंह, एसएसपी सुभाष चंद दुबे,एडीएमई एसके दुबे, एडीएफ हरीश चंद्रा, एसपी देहात रफीक अहमद, एसपी सिटी संजय सिंह, एसडीएम व सीओ देवबंद भी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और अधिकारियों ने किसी प्रकार हालात काबू में किये। गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एसएसपी सुभाष चंद दुबे ने बताया कि दो पक्षों में संषर्घ के दौरान एक युवक के मरने की सूचना है और कई घायल हुये जिन्हे अस्पताल भिजवाया गया है। हालात काबू में है। कानून को हाथ में लेने का प्रयास करने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा।

Related Articles

Back to top button
Close