Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

संबित पात्रा ने कांग्रेस पर लगाया घुसपैठियों को बचाने का आरोप

नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) को ‘करप्शन वाली कमेटी’ करार देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार का स्थायी पता 10 जनपथ है।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता में कहा कि देश में कहीं भी भ्रष्टाचार हो, वह सीधे 10 जनपथ (सोनिया गांधी का आवास) जाता है। भ्रष्टाचार की सारी धाराएं वहीं जाकर मिलती हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बैठक में केंद्र की बहुमत वाली सरकार पर लगातार धावा बोलने का फैसला हुआ है। उन्होंने कहा कि इसमें नया क्या है, कांग्रेस लगातार चार सालों से पूर्ण बहुमत की सरकार पर अनर्गल आरोप लगाकर धावा बोल रही है।

पात्रा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को हिन्दुस्तान की राजनीति में अवसर दिखता है। ताज्जुब की बात है कि अभी हाल ही में महाराष्ट्र के जलगांव और सांगली में करारी हार के बावजूद उन्हें राजनैतिक अवसर दिख रहा। उन्होंने कहा कि ये कुछ ऐसा ही है जब गुजरात चुनाव में हार मिलने के बाद राहुल गांधी होली खेल रहे थे।

संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस का एक ही मसकद है कि केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलना। केंद्र सरकार को सत्ता से हटाने के लिए वह किसी का भी समर्थन कर सकती है परन्तु मोदी सरकार के विकास रथ को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती। किंतु दुख की बात है कि दूसरे दल कांग्रेस को किनारे रखना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि सीडब्ल्यूसी की बैठक में असम में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के मसले पर चर्चा हुई है। पात्रा ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या कांग्रेस की सीडब्ल्यूसी की बैठक संसद से बढ़कर है, जो भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को सदन में नहीं बोलने दिया गया। पात्रा ने कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों को वोटबैंक के तौर पर इस्तेमाल करने की मंशा रखती है। हाल ही में विकिलिक्स के एक खुलासे से पता चलता है कि वर्ष 2006 में कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी का मंतव्य वोटबैंक की राजनीति था। उन्होंने उस दौरान कहा कि जो घुसपैठिये हैं उनको बचाने के लिए फॉरेन एक्ट में भी बदलाव को तैयार हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इससे साफ पता चलता है कि कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही है।

Related Articles

Back to top button
Close