Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

सिद्धारमैया सरकार के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही किसान हितों की योजनाएं : मोदी

नई दिल्ली (ईएमएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक किसान इकाई के कार्यकर्ताओं से बात की। प्रधानमंत्री ने इस दौरान कार्यकर्ताओं को बताया कि केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुना करने के लिए प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अब तक जितने बजट पेश किए हैं, उनके केंद्र में किसानों को ही रखा गया है। पीएम मोदी ने कहा पिछले कुछ समय में केंद्र जिस तरह से किसानों के लिए काम कर रहा है, लेकिन कर्नाटक की सरकार उसे आगे नहीं बढ़ा रही है। हमारी नीति कृषि और किसान से जुड़ी हुई है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार से अपने कर्नाटक चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत कर दी है। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को कर्नाटक में तीन रैलियों को संबोधित किया।

किसान कार्यकर्ताओं से बात करते हुए पीएम ने बताया कि हमारी सरकार ने देशभर के किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड दिए हैं। अकेले कर्नाटक में ही करीब 1 करोड़ से अधिक सॉयल हेल्थ कार्ड दिए गए हैं। किसानों को बीज आसानी से मिल रहा है, वहीं नई तकनीक के जरिए खेती के तरीके सिखाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा केंद्र सरकार ने नई उर्वरक नीति तैयार की है, जिसके कारण अब किसान को खाद के लिए सड़कों पर नहीं घूमना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री ने किसान कार्यकर्ताओं से कहा है कि जब भाजपा के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी बीएस येदियुरप्पा कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनेंगे तो केंद्र की योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा देश में पहले भी योजनाएं चलती थी, लेकिन अब जिस तरह से काम हो रहा है, उससे किसानों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि हमने जो रास्ता चुना है, उसके उत्तम नतीजे सामने आएंगे। जो 70 साल में नतीजे नहीं मिले, हमारा इरादा उन्हें हासिल करने का है। पीएम मोदी ने कहा कि देश में अटकी करीब 100 परियोजनाओं को तय समय में पूरा किया जाएगा, जिसमें एक लाख करोड़ का खर्च आएगा। जो काम 25-30 साल से अटका हुआ था, हमने उसे 25-30 महीने में पूरा कर दिया।

ज्ञात हो कि केंद्र सरकार ने बुधवार को पूरे देश में ब्लॉक स्तर पर किसान कल्याण कार्यशाला का आयोजन कर रही है। भाजपा ने अपने सांसदों से इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कहा है। मोदी ने चुनाव वाले राज्यों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बात करने के लिए अक्सर आधुनिक संचार उपकरणों का इस्तेमाल किया है। किसानों का मुद्दा चुनाव प्रचार अभियान के केंद्र में है। कर्नाटक में सत्ताधारी कांग्रेस और केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा दोनों ही एक दूसरे पर ‘‘किसान विरोधी’’ होने का आरोप लगा रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के कार्यकर्ताओं से नमो ऐप के जरिए ही बात की थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के प्रचार की धार तेज करते हुए मंगलवार को कांग्रेस पर ‘‘हत्या में सुगमता’’ की संस्कृति शुरू करने को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर बैंकों की कथित ‘लूट’ और किसानों एवं युवाओं की अनेदखी का भी आरोप लगाया। कर्नाटक में अपने प्रचार के दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए मोदी ने राज्य में एक के बाद एक तीन रैलियों को संबोधित किया। मोदी ने कर्नाटक की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जद (एस) की तरफ भी दोस्ती का हाथ बढ़ाया और इसके शीर्ष नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा का ‘अपमान’ करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया।

Related Articles

Back to top button
Close