Home Sliderखबरेपश्चिम बंगालराज्य

बंगाल से सौतेला व्यवहार कर रही केंद्र सरकार: ममता

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में घातक चक्रवाती तूफान से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए बंगाल पहुंची केंद्रीय टीम को एक तरफ राज्य सरकार ने राज्य अतिथि का दर्जा दिया है तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के साथ सौतेला बर्ताव कर रही है।

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर हरिश मुखर्जी रोड में पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि पिछले 3 महीने से राज्य सरकार की कोई आय नहीं हुई है। बावजूद इसके सरकारी कर्मचारियों का वेतन, पेंशन आदि दिया गया है। केंद्र सरकार ने सांसद निधि को रोक दिया है। राज्य को 55 हजार करोड़ रुपये का लोन चुकाना पड़ रहा है। प्रवासी श्रमिकों को वापस लौटाने के लिए ट्रेन और बस का किराया भी राज्य सरकार ने दिया है। और डेढ़ लाख श्रमिक लौटेंगे। लेकिन इन श्रमिकों के लिए केंद्र सरकार की कोई प्रभावी योजना नहीं है। सच बात यह है कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ सौतेला बर्ताव कर रही है। उन्होंने कहा कि ट्रेन से लौट रहे लोगों की रास्ते में मौत हो जा रही है। इनके प्रति केंद्र ने कुछ भी अच्छा नहीं किया है।

भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि आज मुश्किल के समय में जब राज्य सरकार सक्रियता से काम कर रही है तब एक पार्टी कहती है कि वे हमें सरकार से भगा देंगे। ममता ने कहा कि देश में इतनी सारी मुसीबत आई लेकिन हमने तो कभी नहीं कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटा दो। संकट के समय में राजनीति नहीं की जानी चाहिए। कोरोना संकट के समय भाजपा नेताओं पर घरों में छिपे रहने का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि 3 महीने तक भाजपा के नेता और कार्यकर्ता घरों से बाहर नहीं निकले लेकिन हम लोग सड़कों पर थे और लोगों की मदद कर रहे थे। आज वे बाहर निकल कर राजनीति कर रहे हैं और कहते हैं कि हमें सत्ता से हटा देंगे।

सरकार 14 जुलाई से लगाएगी 3.5 करोड़ पौधे

चक्रवात और महामारी से बनी दोहरी चुनौतियों का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में एक तरफ महामारी फैली हुई थी तो दूसरी तरफ अम्फन चक्रवात ने भारी तबाही मचाई है। सब कुछ राज्य सरकार को संभालना पड़ रहा है। 25 किसानों को आर्थिक मदद दी गई है। 5 लाख आवासहीन लोगों को भी आर्थिक मदद दी गई है। पान की खेती करने वाले एक लाख किसानों को राज्य सरकार ने मदद की है। सीएम ने दावा किया कि अकेले राजधानी कोलकाता में पौधे लगाने में 100 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। चक्रवात की वजह से राज्य में पेड़ पौधे क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनकी भरपाई के लिए राज्य सरकार 14 जुलाई से 3.5 करोड़ पौधे लगाएगी। अकेले राजधानी कोलकाता में 50 हजार पौधे लगाए जाएंगे। (एजेंसी, हि.स.)

Tags

Related Articles

Back to top button
Close