Home Sliderखबरेमहाराष्ट्रराज्य

प्रियंका चोपड़ा सहित फोर्ब्स की सूची में 5 भारतीय महिलाएं शामिल

मुंबई, 02 नवंबर (हि.स.)। आईसीआईसीआई बैंक की प्रबंध निदेशक चंदा कोचर और फ़िल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा सहित पांच भारतीय महिलाओं को फोर्ब्स की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में जगह मिली है।इस सूची में जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल पहले स्थान पर हैं, जबकि चंदा कोचर 32वें, एचसीएल कॉरपोरेशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रोशनी नादर मल्होत्रा 57वें स्थान तथा बायोकॉन की संस्थापक चेयरमैन किरण मजूमदार शॉ 71वें स्थान पर हैं। 

सूची में हिंदुस्तान टाइम्स मीडिया लिमिटेड की चेयरपर्सन शोभना भरतिया 92वें और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा 97वें स्थान पर हैं। इसके अलावा सूची में पेप्सिको की सीईओ इंदिरा नूई 11वें स्थान पर और भारतीय अमेरिकी निक्की हैली 43वें स्थान पर रही हैं। मर्केल लगातार सातवीं बार इस सूची में पहले स्थान पर कायम हैं। फोर्ब्स की इस सूची में वह 12 बार पहले स्थान पर रही हैं। मर्केल के बाद ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरिजा मे दूसरे स्थान पर हैं। टेरिजा मे के बाद बिल ऐंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की सह चेयरमैन मेलिंडा गेट्स तीसरे स्थान पर हैं। 

मेलिंडा और बिल गेट्स दुनिया के 100 देशों के संगठनों को मदद उपलब्ध करा रहे हैं। दोनों ने अभी तक 40 अरब डॉलर का अनुदान दिया है। इसी तरह, फेसबुक की मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) शर्लिन सैंडबर्ग चौथे और जीएम की सीईओ मैरी बारा पांचवें स्थान पर हैं। इस बार सूची में 23 महिलाओं को पहली बार शामिल किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की पुत्री इवांका ट्रंप को 19वें स्थान पर रखा गया है। यह सूची इन महिलाओं के पास धन, मीडिया में उपस्थिति, प्रभाव आदि के आधार पर तैयार की गई है।

Related Articles

Back to top button
Close