Home Sliderदेशनई दिल्ली

लालू के जेल जाने से कार्यकर्ता हताश हैं पर निराश नहीं : रघुवंश

रांची, 04 जनवरी (हि.स.)। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह गुरुवार को सीबीआई के विशेष कोर्ट परिसर में पहुंचे। 

उन्होंने कोर्ट परिसर में मीडिया से कहा ‘लालू यादव का साफ निर्देश है कि राजद का झंडा हर जगह ऊंचा रखा जाए। लालू के जेल जाने से कार्यकर्ता हताश हैं पर निराश नहीं। कार्यकर्ता अपना कार्य कर रहे हैं।’ 

सीबीआई कोर्ट द्वारा खुद पर अवमानना नोटिस जारी होने के बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक कोई नोटिस नहीं मिला है। उन्हें तो अखबारों के माध्यम से नोटिस होने की जानकारी मिली है। यह न्यायिक प्रक्रिया है, इसलिए नोटिस मिलने पर वे न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि न्यायपालिका पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की है। जजमेंट पर आलोचना करना अवमानना नहीं होता। जजमेंट पर आलोचना होने पर ही पक्षकार हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में अपील करता है। 

उन्होंने आगे कहा ‘हमने सिर्फ यह बात कही है कि जगन्नाथ मिश्र को बेल, लालू को जेल, यह है नरेंद्र मोदी का खेल। यह अवमानना नहीं है।’ जेल में लालू प्रसाद से मिलने देने के बिंदु पर उन्होंने कहा कि यहां के प्रशासन की व्यवस्था कैसी है? यह देखने से ही पता चलता है। इस मौके पर राजद के कई अन्य नेता भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button
Close