Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

PM मोदी का बड़ा एलान : 2022 तक अंतरिक्ष में तिरंगा लेकर जायेंगे भारतीय…….

नई दिल्ली (15 अगस्त): लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री मोदी ने देश के अंतरिक्ष मिशन को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कि 2022 जब आजादी का 75वां साल होगा, तब या उससे पहले चाहे चांद हो या मंगल अब हम मानवसहित गगनयान लेकर जाएंगे। देश का कोई भी बेटा या बेटी अतंरिक्ष में हाथ में तिरंगा लेकर जाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये पूरी तरह से मेड इन इंडिया होगा। आपको बता दें यदि 2022 में भारत का ये मिशन कामयाब रहता है तो ऐसा करने वाला यह चौथा देश बन जाएगा। इससे पहले अमेरिका, सोवियत यूनियन, और चीन अपने एस्ट्रोनॉट को खुद के यान से अंतरिक्ष में भेज चुके हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि, ‘कौन इस बात पर आश्चर्य नहीं करेगा कि हमारे वैज्ञानिकों ने एक साथ सौ सेटेलाइट लॉन्च किए? आज लाल किले की प्राचीर से मैं देशवासियों को खुशखबरी सुनाना चाहता हूं। हमारा देश अंतरिक्ष की दुनिया में प्रगति करता रहा है। हमने सपना देखा है कि 2022 में आजादी के 75 साल पूरे होने के मौके पर या उससे पहले मां भारत की कोई संतान, चाहे बेटा हो या बेटी, वह अंतरिक्ष में जाएगा। हाथ में तिरंगा लेकर जाएगा।’

लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री मोदी ने देश की बेटियों को बड़ा तोहफा दिया। प्रधानमंत्री ने ऐलान किया कि शॉर्ट सर्विस कमिशन में अब महिलाओं की स्थाई रूप से एंट्री मिलेगी। पहले ये लाभ सिर्फ पुरुषों को ही मिलता था।  देश में आज भी महिला शक्तियों को चुनौतियां देने वाली राक्षसी प्रवृति की मानसिकता वाले लोग गलत काम कर रहे हैं, बलात्कार काफी पीड़ा दायक है। समाज को इससे मुक्त कराना होगा, पिछले दिनों मध्यप्रदेश में बलात्कार के आरोपी को पांच दिन में फांसी की सज़ा दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री ने लाल किले से कहा कि 2022 जब आजादी के 75 साल होंगे, तब या उससे पहले देश का कोई भी बेटा या बेटी अतंरिक्ष में हाथ में तिरंगा लेकर जाएंगे। चाहे चांद हो या मंगल अब हम मानवसहित गगनयान लेकर जाएंगे। ये पूरी तरह से मेड इन इंडिया होगा. उन्होंने कहा कि हम मक्खन नहीं पत्थर पर लकीर खींचते हैं।

लाल किले पर 5वीं बार झंडा फहराने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार नहीं बल्कि टैक्सपेयर्स गरीबों का पेट भरते हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदार टैक्सपेयर्स की वजह से गरीबों को सरकार की ओर से बेहद सस्ती दरों पर खाद्य पदार्थ मुहैया कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2013 तक डायरेक्ट टैक्स देने वालों की संख्या सिर्फ चार करोड़ थी, लेकिन अब ये संख्या पौने सात करोड़ हो गई है। मैं टैक्स दाताओं को विश्वास दिलाता हूं कि आप टैक्स के पैसों से गरीब को फायदा पहुंचा जा रहा है, करीब 3 गरीब परिवार हर एक करदाता के कर से खाना खाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले सरकार की ओर से पैसे जाते थे, लेकिन जनता तक नहीं पहुंचते थे। करीब 6 करोड़ लोग ऐसे थे, जो कभी पैदा ही नहीं हुए और उनके नाम से सरकारी पैसा जा रहा था। इस भ्रष्टाचार को हमारी सरकार ने रोका है, इससे 90 हजार करोड़ रुपए सरकार के बचे हैं। ये सारा पैसा बिचौलिए खा जाते थे।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में लोगों ने सिर्फ नई सरकार नहीं बनाई है, जबकि उन्होंने देश को बनाने के लिए काम किया है। आज देश में 125 करोड़ हिंदुस्तानी नया देश बनाने में जुटे हैं। PM बोले कि हमें ये देखना होगा कि हम कहां से चले थे और कहां पर पहुंचे थे ये हमें देखना होगा। अगर हम 2013 को इसका आधार मानें और अगर 2014 के बाद से देश की रफ्तार देखें तो आपको हैरानी होगी।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने  कहा कि आज देश के कई राज्यों की बेटियों ने सात समंदर को पार किया और सभी को तिरंगे से रंग दिया। उन्होंने कहा कि आज हम आजादी का पर्व उस समय मना रहे हैं, जब आदिवासी बच्चों ने एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया है।

उन्होंने कहा कि देश आज नई ऊंचाईयों को पार कर रहा है। आज का सूर्योदय नए उत्साह को लेकर कर आया है। हमारे देश में 12 साल में एक बार नीलकुरिंज का पुष्प उगता है, इस साल ये पुष्प तिरंगे के अशोक चक्र की तरह खिल रहा है। PM मोदी ने कहा कि अगले साल जलियांवाला बाग कांड को सौ साल पूरे हो रहे हैं, ऐसे में हम उन सभी शहीदों को नमन करते हैं। उन्होंने दक्षिण के कवि सुब्रामणियम भारती की कुछ पंक्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत दुनिया को नया रास्ता दिखाएगा। PM ने कहा कि हम चाहते हैं कि दुनिया में साख और धाक हो।

लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि  ये देश ना झुकेगा, ना रुकेगा और ना ही थकेगा।

Related Articles

Back to top button
Close