Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

इंदिरा गांधी की 101वीं जयंती पर कांग्रेस का मुख्यालय नए भवन हो सकता है शिफ्ट

नई दिल्ली, 21 फरवरी : केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के नए मुख्यालय में शिफ्ट होने के बाद अब विपक्षी दल कांग्रेस भी अपने नए मुख्यालय में इस वर्ष के अंत तक शिफ्ट हो जाएगी। यानी 2019 का लोकसभा चुनाव अभियान दोनों पार्टियां अपने-अपने नए मुख्यालय से संचालित करेंगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी दादी व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 101वें जन्मदिन यानी 19 नवम्बर 2018 को नए कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। पार्टी ने कार्यालय निर्माण को पूरा करने के लिए भवन निर्माण में लगी कंपनी को 18 नवम्बर 2018 की डेडलाइन दी है। कांग्रेस के नए मुख्यालय का नाम इंदिरा गांधी भवन होगा। इसका पता 9 कोटला रोड है।

कांग्रेस के नए भवन का ढांचा लगभग पूरा बन गया है। इसमें फिनिशिंग का कार्य फ़िलहाल जारी है। कांग्रेस का नया भवन 6 मंजिला है। प्रथम तल पर एक बड़ा सा ऑडिटोरियम बनाया गया है। खास बात ये है कि कांग्रेस मुख्यालय के दो द्वार हैं- एक कोटला रोड पर तो दूसरा दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर, लेकिन दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर भाजपा का कार्यालय एवं सड़क का नाम जनसंघ के नेता दीनदयाल उपाध्याय के नाम के चलते पार्टी ने अपना मुख्य द्वार कोटला रोड रखा है।

उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने लुटियंस जोन के बाहर कार्यालय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि भाजपा ने पहले ही अपना मुख्यालय 11 अशोक रोड से 6-ए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर शिफ्ट कर लिया है। वहीं, कांग्रेस को लुटियंस दिल्ली में स्थित अपने पार्टी मुख्यालय 24 अकबर रोड को अक्टूबर 2018 तक खाली करना है। तीन वर्ष पहले शहरी विकास मंत्रालय द्वारा जारी नोटिस पर पार्टी ने तीन वर्ष का समय मांगा था, जो इस वर्ष अक्टूबर में खत्म हो रहा है। फ़िलहाल पिछले 42 साल से कांग्रेस का मुख्यालय 24 अकबर रोड पर है। (हि.स.) । 

Related Articles

Back to top button
Close