Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

इस अभियान में भागीदार बनी 42 देशों की सुंदरियां

बहादुरगढ़ (ईएमएस)। महिला सशक्तिकरण की आवाज को बुलंद करने तथा कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ भावुक संदेश देने के लिए 42 देशों की सुंदरियां बहादुरगढ़ के लोवा खुर्द गाव पहुंची। यहा पर वे सेनेटरी अभियान में भागीदार भी बनीं। महिलाओं और किशोरियों को सुंदरियों ने ही सेनेटरी पैड वितरित किए। कार्यक्रम का आयोजन गांव के मिडिल स्कूल में किया गया। यहां पर रोटरी क्लब और जीको कंपनी की ओर से मिलकर प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। स्कूल में शौचालय और हैंडवाश की व्यवस्था की गई है। पूरे स्कूल भवन को नया लुक दिया गया है। यहां आयोजित कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सहयोगी के तौर पर मैक्सिको से मार्कोस भी पहुंचे। उन्होंने किशोरियों के लिए सेनेटरी व्यवस्था को जरूरी बताया। जीको कंपनी के अधिकारी भी यहा मौजूद रहे। सभी सुंदरियां यहा टेन स्क्वेयर मीडिया एंड प्रोडेक्शन व रूबरू ग्रुप की ओर से चल रहे ‘मिस सुपर मॉडल व‌र्ल्ड वाइड 2018’ ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लेने आई हुई हैं।

इसके अलावा ये सुंदरिया कुछ गंभीर मुद्दे, जैसे कन्या भ्रूण हत्या, महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर सामाजिक जागरूकता के लिए भी काम कर रहीं हैं। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए 42 देशों से आई सुपर मॉडल्स ने गाव लोवा खुर्द के स्कूल की लड़कियों और गाव की महिलाओं को सेनेटरी पैड बांटे। सभी लोगों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया और कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ एकजुट होने के लिए कहा। मॉडल्स ने मौजूद सभी लड़कियों को देश का नाम रोशन करने और देश को अपने ऊपर गर्व महसूस कराने कि सलाह दी। 10 दिनों तक चलने वाले इस इवेंट में फैशन शो, टैलेंट शो, राष्ट्रीय परिधान प्रतियोगिता के अलावा 26 मार्च को गुरुग्राम स्थित किंगडम ऑफ ड्रीम्स में इसके ग्रांड फिनाले का आयोजन किया जाएगा।

इस प्रतियोगिता में आस्ट्रेलिया, बेलारूस, चीन, इजिप्ट, इथोपिया, इजराइल, कजाकिस्तान, केन्या, लेबनान, मलेशिया, मैक्सिको, म्यांमार, नीम्बिया, नेपाल, न्यूजीलैंड, फिलिपींस, रूस, साउथ अफ्रीका, साउथ कोरिया, श्रीलंका, थाईलैंड, तुर्की, उजबेकिस्तान व भारत सहित 42 देशों की सुंदरियां हिस्सा ले रही हैं। 10 दिन के शेड्यूल में बॉलीवुड की कई नामी हस्तियां भी इन सुंदरियों का मनोबल बढ़ाने के लिए इनसे मुलाकात करेंगी।

Related Articles

Back to top button
Close