उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

उ.प्र. में नया भारत बनाने का प्रयास होगा सफल-पियूष गोयल

लखनऊ, 22 फरवरी (हि.स.)। राजधानी में आयोजित दो दिवसीय इन्वेस्टर्स समिट के दूसरे दिन केन्द्रीय रेलवे मंत्री पियूष गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नया भारत बनाने का प्रयास सफल होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कईयों की पाखण्ड वाली धारणा को तोड़कर उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से ऊपर उठा रहे हैं। इन्वेस्टर्स समिट कुम्भ मेला है, यह व्यवसायियों का कुम्भ है। 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का नोएडा आर्थिक जोन हो सकता है। कोई मुख्यमंत्री पहले नोएडा जाना भी पसंद नहीं करता था, जहां से सबसे ज्यादा रोजगार निकलते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सोच को बदला, यह अच्छी सोच है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश व बाजार की आपार संभावनाएं हैं। उत्तर प्रदेश अब उत्तर दे रहा है।

पियूष गोयल ने कहा कि उद्योगपतियों के लिये उत्तर प्रदेश में एक अच्छा और ईमानदार नेतृत्व है, उत्पादों के लिये अच्छा बाजार है, और एक ऐसी ब्यूरोक्रेसी है जो निवेशकों के लिये रेडटेप की जगह रेडकार्पेट पर यकीन रखती है। 11 महीने के अंदर उत्तर प्रदेश के क़ानून व्यवस्था में जो परिवर्तन हुए है उसके लिए मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देता हूं। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के लिए ऐसा मॉडर्न आउटलुक लेकर आएं हैं, जो पिछले कई वर्षों से हमने नहीं देखा था।

पियूष गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश नये उद्यमियों को नया रास्ता दिखाएगा। आज भय खत्म हो रहा है। यूपी में कानून व्यवस्था में काफी बदलाव आया है। इतने कम समय में इतना बदलाव होना अपने आप में अद्भुत है। 

रेल मंत्री ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार काफी गम्भीर है। टेन्टनुमा फाइव स्टार रेस्टोरेन्ट पर्यटकों को काफी प्रभावित कर रहे हैं। रायबरेली की कोच फैक्टरी में अभी 600 कोच बनते हैं। इसकी क्षमता को बढ़ाया जाएगा। अगले वर्ष से यहां 1000 कोच, उसके अगले वर्ष 2,000 कोच और उसके अगले वर्ष 3,000 कोच बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा हम बुन्देलखण्ड के झांसी में तीन सौ एकड़ जमीन में कोच फैक्टरी लगायेंगे।

रेल मंत्री ने कहा कि हम यूपी में सुंदर नई रेल गाड़िया भेजेंगे, ताकि यहां पर्यटन बढ़े। उन्होंने कहा कि बहराइच से मैलानी के बीच दुधवा नेशनल पार्क और कर्तनिया घाट उत्तर प्रदेश में पर्यटन की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। इन दोनों को जोड़ने का काम यहां मीटर गेज लाइन पर चलने वाली रेल करती है। अब इस मीटर गेज लाइन को हेरिटेज लाइन में तब्दील किया जायेगा। इसके साथ ही इन पार्कों में ईकालॉजी को प्रोटेक्ट करने वाले टेंटेड फाइव स्टार होटल का निर्माण होगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में मोदी व योगी जैसी संवेदनाएं लानी होंगी। गोरखपुर में इलेक्ट्रिक लोको भी जल्द ही शुरू हो जाएगा। रेलवे ने निर्णय लिया है की अब राजधानी, दूरंतो, शताब्दी को केवल प्राथमिकता न देकर, वे ट्रेनें जिनमे ग़रीब जनता यात्रा करती है उनके कोचों को पहले ठीक किया जाएगा, उनको अधिक सुंदर बनाया जाएगा। वर्तमान में 58 हजार सामान्य कोच हैं, जिसे आगामी दो वर्षों में पूरा करेंगे। रेल मंत्री ने फतेहपुर में रेलवे पार्क बनाने की घोषणा भी की। 

रेल मंत्री ने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश की सरकार को बधाई देना चाहूंगा कि वह राज्य के भविष्य के लिये इतनी चिंता कर रही हैं, और उन्होंने इसकी प्रगति के लिये इतने बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया है। 

Related Articles

Back to top button
Close