कर्नाटकखबरेराज्य

कर्नाटक चुनाव: दोपहर एक बजे तक 36 फीसदी मतदान

-कुमारस्वामी बोले, बनेगी जेडीएस की सरकार

बेंगलुरू (ईएमएस)। कर्नाटक में कांग्रेस, भाजपा और जेडीएस के बीच आज हो रहे त्रिकोणीय चुनावी मुकाबले के पहले चार घंटे में करीब 24 प्रतिशत मतदान हुआ है। राज्य की 224 सीटों में से 222 सीटों के लिए आज मतदान कराया जा रहा है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, सुबह 11 बजे तक दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों में सबसे ज्यादा 31 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं बेंगलुरू सदर में सबसे कम महज 17 प्रतिशत मतदान हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि लोग बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही लंबी-लंबी लइनें दिख रही हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत भी तेजी से बढ़ेगा। हालांकि सुबह मौसम सुहावना था, लेकिन दिन बढ़ने के साथ तापमान भी बढ़ा है।

विभिन्न मतदान केन्द्रों में बुजुर्ग और वरिष्ठ नागरिक भी बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मौजूद हैं। सुबह सबसे पहले वोट डालने वालों में राज्य भाजपा प्रमुख और पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा और प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष जी. परमेश्वर शामिल हैं। दोनों नेताओं ने क्रमश: शिवमोगा के शिकारीपुरा और तुमकुरू के यागेरे में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने पत्नी चेन्नमा के साथ हासन जिले के पदुवलाहिप्पे में अपना वोट डाला। क्रिकेटर राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, फिल्म अभिनेता रमेश अरविन्द, रविचन्द्रन और मैसूर शाही परिवार के सदस्यों ने भी मताधिकार का इस्तेमाल किया। लिंगायत समुदाय के सिद्धगंगा मठ के शिवकुमार स्वामी ने भी मठ के निकट मतदान केन्द्र पर वोट डाला। राज्य में विभिन्न स्थानों पर ईवीएम में आयी तकनीकी दिक्कतों के कारण मतदान में देरी हुई। ज्यादातर सर्वेक्षणों एवं ओपिनियन पोल के अनुसार सत्तारुढ़ कांग्रेस और भाजपा सत्ता के दो प्रबल दावेदार हैं, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की जेडीएस किंगमेकर की भूमिका निभा सकती है।

प्रदेश में 1985 के बाद से कोई भी दल लगातार दूसरी बार सत्ता में नहीं आ पाया है। उस साल रामकृष्ण हेगड़े की अगुवाई में जनता दल फिर सत्ता पर काबिज हुआ था। कांग्रेस पंजाब के बाद एकमात्र बड़े राज्य पर काबिज रहने के लक्ष्य पर केंद्रित है, जबकि भाजपा कर्नाटक में अपनी सरकार बनाने के लिए जुटी हुई है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक पार्टी के लिए दूसरी बार दक्षिण में कदम रखने का द्वार खोलेगा। सिद्धारमैया समेत चार वर्तमान एवं पूर्व मुख्यमंत्री चुनाव मैदान में हैं। येद्दियुरप्पा शिकारीपुरा, कुमारस्वामी चेन्नापटना और रमनगारा से तथा भाजपा के जगदीश शेट्टार हुबली धारवाड़ से चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं। एक सीट पर मतदान भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान विधायक बीएन विजयकुमार के निधन के चलते स्थगित कर दिया गया है, जबकि दूसरी सीट पर मतदान 28 मई को कराए जाएंगे। वर्ष 2013 के चुनाव में कांग्रेस ने 122 सीटें जीती थीं। भाजपा और जेडीएस को 40-40 सीटें मिली थीं। कर्नाटक जनता पक्ष को छह, बडवारा श्रमिकारा रैयतरा को चार, कर्नाटक मक्कल पक्ष, समाजवादी पार्टी और सर्वोदय कर्नाटक पक्ष को एक एक सीटें मिली थीं और नौ निर्दलीय विजयी रहे थे।

Related Articles

Back to top button
Close