खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

गढ़चिरौली में 6 नक्सली मारे गए, पांच विधायक थे निशाने पर

मुंबई (ईएमएस)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सलियों के खिलाफ दूसरे बड़े अभियान में अहेरी तहसील के खांदला राजाराम क्षेत्र के जंगल में हुई मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए हैं। मुठभेड़ में नक्सलियों के कमांडर नंदू की भी मौत की भी खबर है। नक्सलियों के पास से इंसास रायफल बरामद हुई है। इसके पहले सुरक्षा बलों को, भामरागढ़ में 16 नक्सलियों को मारने में सफलता मिली थी। दो दिन में 27 नक्सलियों को मार गिराने की यह पिछले दो दशकों में अब तक की सबसे बड़ी करवाई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस महानिरीक्षक (नक्सल विरोधी अभियान) शरद शेलार ने बताया कि मुठभेड़ जिले के जिमालगट्टा इलाके में राजाराम खांदला जंगल में हुई। इस अभियान में जिला पुलिस के विशिष्ट सी-60 कमांडो शामिल थे। ​

गढ़चिरौली के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर गए महाराष्ट्र विधायकों का पांच सदस्यीय दल उन नक्सलियों के निशाने पर हो सकता था, जिनमें से सोलह को सुरक्षा बलों ने रविवार को मार गिराया था। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सावधानी के तौर पर विधायकों के दल को पुलिस कमांडों के कड़े सुरक्षा घेरे में यात्रा की इजाजत दी गई थी। इन विधायकों की भामरगढ़ के दूरस्थ इलाकों व कुछ अत्यधिक खतरे वाले क्षेत्रों की यात्रा करनी थीं। पुलिस ने एक जगह पर खुफिया सूचनाओं के आधार पर संभावित ‘गंभीर खतरा’ जताते हुए विधायकों को अहेरी से भामरगढ़ तक सड़क मार्ग से यात्रा करने से बचने की सलाह दी। यह दूरी करीब 75 किमी की थी।

यह सड़क घने जंगलों व नक्सली ठिकानों व क्षेत्रों से गुजरती है। इसके बाद, विधायकों के लिए अहेरी से भामरगढ़ के लिए एक हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई और हेलीपैड से हेमलकासा आश्रम की करीब पांच किमी की दूरी विधायकों ने वाहन से तय की। हेमलकसा आश्रम की स्थापना प्रसिद्ध समाज सुधारक बाबा आम्टे ने की थी। इन पांच विधायकों में पांडुरंग बरोरा, वैभव पिचद, आनंद ठाकुर (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) तथा शांताराम मोरे व अमित घोडा (शिवसेना) शामिल थे।

जवानों ने सपना चौधरी के गाने पर किया डांस

गढ़चिरौली में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान अलग-अलग हुई 2 मुठभेड़ों में कम से कम 27 नक्सली मारे गए हैं। इससे पहले सुरक्षा बलों ने 16 नक्सलियों के मारे जाने का दावा किया था। सोमवार को 11 नक्सलियों के शव इंद्रावती नदी में बहते मिले हैं। इनमें दो महिला नक्सली भी शामिल हैं। इस तरह से इन दोनों मुठभेड़ों में 27 नक्सली मारे जा चुके हैं। इन दो सफल अभियानों के बाद जवानों ने सपना चौधरी के गानों पर डांस कर इसका जम कर जश्न मनाया। जवानों के सेलिब्रेशन का एक विडियो सामने आया है। इस विडियो में जवान सपना चौधरी के हिट नंबर ‘तेरी आंख्या का यो काजल’ पर डांस करते हुए देखे जा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button
Close