उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

गर्मी के तेवर लोगों को कर रहे हैं परेशान !

Uttar Pradesh.लखनऊ, 04 अप्रैल =  प्रदेश में गर्मी के तेवर लोगों की परेशानी का सबब बने हुए हैं। दिन में तेज धूप और गरम हवाएं जहां बाहर निकलने वालों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं, वहीं रात में भी कोई राहत नहीं मिल रही है। दिन की तपिश का असर रात के पारे पर भी साफ नजर आ रहा है। ऐसे में लोग तपते पारे के नीचे आने की कामना कर रहे हैं, जिससे कुछ राहत मिल सके।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के सभी हिस्सों में गर्मी का प्रभाव देखने को मिल रहा है। पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी और मध्य के इलाकों में लगातार तपन बनी हुई है। खासतौर से बुन्देलखण्ड के लोगों को तो अभी से मई की गर्मी का एहसास होने लगा है। शुष्क मौसम के साथ पछुआ हवाएं चलने की वजह से दिन और रात दोनों का तापमान बढ़ रहा है। ऐसे में घरों और दफ्तरों में गर्मी से बचने के लिए कूलर और एसी का प्रयोग होने लगा है।

ये भी पढ़े : किसानों को आज कर्जमाफी की सौगात दे सकती हैं योगी सरकार !

आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि मौसमी उठापटक के कारण रामनवमी पर राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबादी हो सकती है, जिसकी वजह से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की सम्भावना है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री, इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 42 डिग्री, बरेली का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 37 डिग्री, वाराणसी का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री, अलीगढ़ का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 39 डिग्री, गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है।

इसके अलावा बांदा का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 43 डिग्री, आगरा का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री, कानपुर का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री, मेरठ का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 37 डिग्री और झांसी का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज होने की सम्भावना है।

विभाग के मुताबिक बांदा अभी भी सबसे ज्यादा गरम जिला बना हुआ है। बीते चौबीस घण्टों में यहां का तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजधानी लखनऊ सहित इलाहाबाद, वाराणसी, आगरा, कानपुर और झांसी सहित अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान 41 डिग्री तक जा चुका है।

Related Articles

Back to top button
Close