खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

छिन सकता है मुंबई मनपा से मनसे का कार्यालय

मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के सात में से छह नगर सेवकों के शिवसेना में चले जाने से अब मुंबई मनपा में आवंटित राजनीतिक कार्यालय को मनपा वापस ले सकती है। अब मनपा में मनसे के इस कार्यालय को सपा को दिया जा सकता है। हालांकि सपा को मनपा ने कार्यालय दिया है, पर वह अपेक्षाकृत छोटा है।

गौरतलब है कि मनसे के सात नगर सेवक होने के कारण मुंबई मनपा ने उसे कार्यालय आवंटित किया था, पर अब मनसे में केवल एक नगर सेवक बचा हुआ है और बाकी छह नगर सेवक शिवसेना में प्रवेश कर चुके हैं। शिवसेना में जाने वाले नगर सेवकों के नाम क्रमश: अर्चना भालेराव, परमेश्वर कदम, अश्विनी मतेकर, दिलीप लांडे, हर्षल मोरे और दत्ताराम नरवणकर है।

दूसरी ओर मुंबई मनपा की सत्ता पर काबिज शिवसेना का रास्ता और आसान हो गया है। इससे शिवसेना उन प्रस्तावों को अब आसानी से पारित करवा सकती है, जिसके लिए उसे भाजपा या मनसे पर आश्रित रहना पड़ता था। शिवसेना को सभागृह में रोकने के लिए अब भाजपा को कांग्रेस या राकांपा पर निर्भर रहना पड़ेगा। इसलिए मनपा में कांग्रेस और राकांपा की भूमिका अहम हो गई है। अब चर्चा यह है कि मुंबई मनपा पर काबिज होने का स्वप्न देख रही भाजपा के सामने शिवसेना एक पहाड़ बनकर खड़ी हो गई है। 

Related Articles

Back to top button
Close