उत्तराखंडखबरेराज्य

जनसमस्याओं को लेकर ‘आप’ ने किया नगर निगम का घेराव

देहरादून, 02 जनवरी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) महानगर देहरादून ने वार्ड नंबर 37 माता मंदिर मार्ग की जनसमस्याओं को लेकर रायपुर विधानसभा प्रभारी जीतेन्द्र पन्त व वार्ड अध्यक्ष सलमान के नेतृत्व में वार्डवासियों के साथ नगर निगम पर हल्ला-बोल व प्रदर्शन कर घेराव किया। वार्डों में सड़कों, नालियों व सफ़ाई-व्यवस्था की निश्चित समय सीमा के अंदर सुधारने के लिए नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

आम आदमी पार्टी की जिलाध्यक्ष उमा सिसौदिया ने बताया कि इन दिनों महानगर के विभिन्न वार्डों में पदयात्रा जनसम्पर्क अभियान चलाया जा रहा है। वार्डवासियों से वार्ड की सड़कों, नालियों और सफ़ाई व्यवस्था संबंधी समस्याओं से रूबरू होकर उनके समाधान के लिए प्रशासन को अवगत कराया जाता है। वहीं महानगर अध्यक्ष विशाल चौधरी ने कहा कि पृथक राज्य के रूप में उत्तराखण्ड राज्य का गठन हुए 17 वर्ष पूर्ण हो चुके है, लेकिन आज भी उत्तराखण्ड की आम जनता मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवनयापन करने को मजबूर है। अजीब विडम्बना है कि पिछले करीब सात वर्षों से स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा व निष्क्रियता के कारण इस क्षेत्र की जनता टूटी सड़कों व जीर्ण-क्षीण पड़ी नालियों की कुव्यवस्थाओं के साथ रह रहे हैं। नालियों में गंदगी भरी पड़ी है, जिसका नगर निगम कोई संज्ञान नहीं ले रहा है।

उमा सिसौदिया ने सवाल किया कि जिस सोच व उद्देश्यों के साथ हमारे आंदोलनकारियों ने पृथक विकासउन्मुख पर्वतीय राज्य की कल्पना कर शहादत दी थी, आज उनके त्याग व बलिदान पर नगर निगम एक प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है। आम जनता जानना चाहती है कि क्षेत्र के लोगों के साथ सरकार, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों द्वारा ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है? वहीं आप ने ज्ञापन में तत्काल क्षेत्र की टूटी सड़कों व नालियों का निर्माण कार्य प्रारम्भ करने की मांग की है। वार्ड नंबर 37 में सफ़ाई व्यवस्था का नियमित व सुचारू रूप से संचालन किया जाये। अगर निगम प्रशासन समय रहते उचित कार्रवाई नहीं करती तो आम आदमी पार्टी एक बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी। वहीं मंगलवार के प्रदर्शन में प्रदेश मीडिया प्रभारी कुलदीप सहदेव, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष सोमेश बुड़ाकोटी, श्यामलाल नाथ, विनोद बजाज, अशोक सेमवाल, सुदेश चौरसिया, उपमा अग्रवाल, सुधीर पन्त, विजय तोमर, विपिन खन्ना सहित अनेक कार्यकर्ता और वार्ड के लोग उपस्थित रहे। 

Related Articles

Back to top button
Close