Home Sliderउत्तर प्रदेशखबरेराज्य

जीवन में संतुलन ही योग है, नियमित रूप से करें-योगी

लखनऊ, 21 जून (हि.स.)। चौथे अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजभवन में राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने हजारों लोगों की उपस्थिति में योग किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, विभिन्न मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। इसके अलावा मेयर संयुक्ता भाटिया भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योग दिवस पर कुछ अलग अन्दाज में नजर आये। वह आम तौर पर भगवा कुर्ता पहनते हैं, लेकिन आज उन्होंने भगवा टी-शर्ट पहनी हुई थी, जबकि राज्यपाल और उप मुख्यमंत्री ने सफेद रंग की योग दिवस लिखा हुआ टी-शर्ट पहन रखी थी।

इस मौके पर राज्यपाल राम नाईक ने राजभवन में आने के लिए प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया और उन्हें स्वस्थ रहने के लिए योग को अपनाने को कहा। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज से चार वर्ष पूर्व भारत की हजारों वर्षों की ऋषि परंपरा के इस प्रसाद को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण भारत की इस योग विधा को अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हुई। आज दुनिया के 192 देश योग के साथ भारत की इस प्राचीन परंपरा के साथ समरस होते हुए दिखाई देंगे। ’करो योग, रहो निरोग’ यानी एक सामान्य जिज्ञासु के लिए यह अत्यंत उपयुक्त है, हालांकि योग एक व्यापक शब्दावली है।

भारत की योग की परंपरा ने इस बात को कहा है ’न तस्य रोगों न जरा न मृत्युः प्राप्तस्य योगाग्निमयं शरीरं।’ उन्होंने कहा कि योग को अगर आप जीवन का हिस्सा बनाएंगे तो बहुत सारी बीमारियों से न केवल मुक्ति मिलेगी बल्कि बीमारियों के उपचार में खर्च से भी आपको मुक्ति मिलेगी। जीवन में संतुलन ही योग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को स्वस्थ्य और निरोग बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के साथ हम सब को जुड़ना चाहिए। नियमित रूप से योग करना चाहिए। मैं आप सबको योग दिवस की हार्दिक बधाई देता हूं, अपनी शुभकामनाएं देता हूं। आप सब स्वस्थ्य रहें, निरोग रहें। एक निरोगी काया आप सब को प्राप्त हो।

इस मौके पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग को विश्व पटल पर मान्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि पहले लोग कहते थे कि वह किसी एक धर्म से जुड़ा है लेकिन अगर एक धर्म से जुड़ा होता तो दुनिया के 177 देशों का इसे समर्थन न मिलता। 46 इस्लामिक मुल्कों ने इसे संयुक्त राष्ट्र में अपना समर्थन दिया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों में भी विभिन्न मंत्रियों ने योग दिवस पर सामूहिक रूप से योग किया और लोगों को इसके प्रति जागरूक किया।

Related Articles

Back to top button
Close