खबरेदेशनई दिल्ली

डर पैदा करने वाला वीडियो वायरल, समझदारी से वोट करने की अपील

बेंगलुरु (ईएमएस)। कर्नाटक में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के प्रचार के लिए महज कुछ ही दिन रह गए हैं। इसी बीच यंग इंडिया इनिशिएटिव नाम के एक ग्रुप द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया है, जिसके जरिए हाल के कुछ मुद्दों को ट्विस्ट के साथ हाइलाइट करते हुए लोगों में एक पार्टी विशेष के प्रति डर पैदा करते हुए समझदारी से वोट करने की गुजारिश की गई है। कांग्रेस पार्टी की तरफ से इस वीडियो को ट्वीट किया गया है। इसमें दिखाया गया है कि कुछ लोग पश्चिमी सभ्यता का खाना खाने, कपड़ा पहनने और एक राजनीतिक पार्टी के खिलाफ बोलने से रोकते हैं। इसके साथ ही इसमें आपस में प्यार कर रहे एक मुस्लिम लड़के और हिंदू लड़की की पिटाई करते भी दिखाया गया है।

वीडियो में खास बात यह है कि इसमें किसी भी राजनीतिक पार्टी का नाम नहीं बताया गया है। वीडियो के अंत में कर्नाटक के लोगों से समझदारी, जिम्मेदारी, उदारवादी और प्रगतिशील सोच के साथ वोट करने की अपील की गई है। प्रदेश में 12 मई को चुनाव होने हैं, जिसके परिणाम 15 मई को आएंगे। कांग्रेस ने वीडियो शेयर करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा और कहा, कर्नाटक में बीजेपी अगर जीत जाती है तो यहां के लोगों के साथ ऐसा ही करेगी। वोट अपने अधिकारों की रक्षा करने का सशक्त माध्यम है। जिम्मेदारी और बुद्धिमत्ता से वोट डालिए। यह वीडियो ऐसे समय में वायरल हुआ है, जब केंद्र में सत्तारुढ़ और प्रदेश में कांग्रेस को कड़ी चुनौती दे रही बीजेपी ने गाय सहित जानवरों की स्लॉटर हाउस के लिए बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। मानव संसाधन राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह अपने बयान से सुर्खियों में आ गए थे कि कोई भी लड़का ऐसी लड़की से शादी नहीं करेगा, जो जींस पहनकर मंडप में आए।

Related Articles

Back to top button
Close