Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

देब के बयानों से नाराज़ हुए PM मोदी , दिल्ली तलब

अगरतला (ईएमएस)। महाभारत काल में इंटरनेट से लेकर डायना हेडन के सौंदर्य की बारीकियां समझाने और बेरोजगार युवाओं को पान की दुकान खोलने की नसीहत देने वाले विवादित बयानों से त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने हाल के दिनों में काफी चर्चा बटोरी है। खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हालिया विवादास्पद बयानों के लिए उन्हें दिल्ली तलब किया है।

सूत्रों के अनुसार देब पीएम से मिलने दो मई को दिल्ली जाएंगे। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि देब को पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 2 मई को मुलाकात करने के लिए कहा गया है। ज्ञात हो कि पिछले महीने ही त्रिपुरा में 25 साल से सत्ता पर काबिज वामपंथी दलों को सत्ता से बेदखल कर भाजपा के बिप्लब देब ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने कई ऐसे बयान दिए, जिनकी जम कर आलोचना हुई।

उन्होंने कहा कि इंटरनेट और उपग्रह संचार महाभारत युग में मौजूद था। इसके बाद उन्होंने डायना हेडेन के 1997 में विश्व सुंदरी बनने पर भी सवाल उठाए थे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मकैनिकल इंजिनियरों को सिविल सेवा में नहीं जाना चाहिए, बल्कि सिविल इंजीनियरों को जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षित युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए राजनीतिक दलों के चक्कर काटने के बदले पान की दुकान खोलने चाहिए। उन्होंने युवाओं को डेयरी में कैरियर बनाने और गाय पालने की भी नसीहत दी थी। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को बताया पार्टी के वरिष्ठ नेता बिप्लब देब के बयानों से पैदा हुए विवाद से नाराज हैं। देब कुछ भी बोलते जा रहे हैं। मोदी उनसे बात करेंगे।

Related Articles

Back to top button
Close