उत्तराखंडखबरेराज्य

निकाय चुनाव:भाजपा के पूर्व पार्षद समेत कई ने थामा ‘अाप’ का दामन

देहरादून, 28 दिसम्बर (हि.स.)। देहरादून में होने वाले आगामी नगर निगम के चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में उठा-पटक शुरू हो गई है। गुरुवार को देहरादून की इंदिरा कॉलोनी वार्ड न. 14 से भाजपा के पूर्व पार्षद प्रत्याशी रोशन लाल ने आम आदमी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर अपने कुछ साथियों सहित ‘आप’ की सदस्यता ग्रहण कर ली।

‘आप’ के प्रदेश मीडिया प्रभारी कुलदीप सहदेव ने बताया कि नगर निगम चुनावों के मद्देनजर वार्ड नं 14 इंद्रा कॉलोनी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस दौरान नगर निगम चुनावों को लेकर विभिन्न रणनितिक विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में प्रत्येक वार्ड में “जनसम्पर्क पदयात्रा” की जाएगी, जिसमें स्थानीय क्षेत्रवासियों से सकारात्मक संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के संबंध में बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा। इस अवसर पर इंद्रा कॉलोनी वार्ड से भाजपा के पूर्व पार्षद प्रत्याशी रोशनलाल ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने की विधिवत सैद्धान्तिक घोषणा की जा चुकी है। इसलिए पार्टी वार्ड स्तर पर सभा व जनसम्पर्क कर क्षेत्रवासियों को वैचारिक रूप से संगठन से जोड़ाने में जुट गई है। 

महानगर अध्यक्ष विशाल चौधरी ने बताया कि इंद्रा कॉलोनी वार्डवासी पिछले 7-8 वर्षों से वार्ड में टूटी-फूटी सड़कों व नालियों से त्रस्त थे। स्थानीय पार्षद की निष्क्रियता से विकास कार्य ठप्प पड़े हुए थे। पार्टी के नेतृत्व में वार्डवासियों ने नगर निगम में घेराव और प्रदर्शन किया, जिसके तुरन्त बाद मेयर द्वारा वार्ड में विकास कार्यों के लिए राशि आबंटन कर सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू कराया और क्षेत्रवासियों अधिकारों व समस्याओं के लिए पार्टी के संघर्ष की जीत है।

जिलाध्यक्ष उमा सिसौदिया ने कहा कि नगर निगम में कांग्रेस और भाजपा ने बारी-बारी से शासन करने के बाद भी विकास से कोसों दूर वार्डों की बदहाल स्थिति जस-की-तस है। विकास के लिए आया बजट कमीशनखोरी की भेंट चढ़ रहा है। स्थानीय पार्षद-विधायक जनता की समस्याओं से मुंह छुपा रहे हैं। क्षेत्र की जनता का भाजपा-कांग्रेस से मोहभंग हो गया है और एक सशक्त और ईमानदार विकल्प के रूप में आप ही सक्षम है। उन्होंने कहा कि पार्टी की झाड़ू अब नगर निगम से कांग्रेस- भाजपा के कुशासन व भ्रष्टाचार की सफाई करेगी। इस अवसर पर महानगर सचिव विनय राणा, राजपुर विधानसभा प्रभारी सरिता गिरी, वार्ड अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, वार्ड उपाथ्यक्षा सोनिया राणा, सागर रावल, एचसी कुकरेती सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
Close