उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

निकाय चुनाव में दूसरे चरण का मतदान रविवार को, पोलिंग पार्टियां रवाना

लखनऊ, 25 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश नगरीय निकाय चुनाव में प्रदेश के 25 जिलों में रविवार को दूसरे चरण का मतदान होंगा। इसके लिए पोलिंग पार्टियों को शनिवार शाम तक सभी जिला मुख्यालयों से मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया।

दूसरे चरण में 25 जिलों के छह नगर निगमों, 51 नगर पालिका परिषदों और 132 नगर पंचायतें समेत 189 निकायों के 3601 वार्डों में कल सुबह साढ़े सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इस चरण में कुल 3790 सीटों के लिए मतदान होगा। इन सीटों के लिए 24671 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस चरण में कुल 12902691 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। दूसरे चरण के लिए 4063 मतदान केंद्र और 13777 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। 

इस चरण में मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, अमरोहा, रामपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, अलीगढ़, मथुरा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, इटावा, ललितपुर, बांदा, इलाहाबाद, लखनऊ, सुल्तानपुर, अम्बेडकरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, संतकबीरनगर, देवरिया, बलिया, वाराणसी और भदोही जिले में मतदान होगा। इनमें छह नगर निगम गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, इलाहाबाद, लखनऊ व वाराणसी हैं। 

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे दौर के मतदान की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। नगरीय निकाय के चुनाव में दूसरा चरण काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसमें राजधानी लखनऊ के अलावा प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी, इलाहाबाद और पहली बार नगर निगम बने मथुरा में भी मतदान होगा।

दूसरे दौर के चुनाव में प्रदेश के कई दिग्गजों की साख दांव पर है। राजधानी लखनऊ में 20 साल से अधिक समय से भाजपा का महापौर की सीट पर कब्जा रहा है। निवर्तमान महापौर डा0 दिनेश शर्मा इस समय प्रदेश के उप मुख्यमंत्री हैं। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह यहां से सांसद हैं। ऐसे में उनकी प्रतिष्ठा भी यहां दांव पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यहां कई चुनावी सभायें कर चुके हैं। 
वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। दूसरे दौर में 26 नवम्बर को यहां भी मतदान है। प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के कारण यह सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की बन गई है। 

इलाहाबाद में महापौर के पद पर भाजपा की तरफ से प्रदेश सरकार के मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी की पत्नी अभिलाषा गुप्ता चुनाव लड़ रही हैं। वह यहां की निवर्तमान महापौर भी हैं। यहां से खाटी समाजवादी विनोद चंद्र दुबे सपा के टिकट पर चुनाव मैंदान में हैं तो पुराने भाजपाई विजय मिश्रा को कांग्रेस ने महापौर के लिए प्रत्याशी बनाया है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य की इलाहाबाद कर्मभूमि है तो राज्य सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह का यह गृह जनपद भी है। ऐसे में यहां भी भाजपा को जीत दिलाना इन दिग्गज नेताओं के लिए चुनौती होगी।

उधर पहली बार नगर निगम का दर्जा पाये मथुरा में राज्य सरकार के दूसरे प्रवक्ता और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर है। मथुरा उनका गृह जनपद है और वह वहीं से विधायक भी हैं। 

दूसरे दौर में इटावा और मैनपुरी में भी मतदान है। यह क्षेत्र सपा का गढ़ माना जाता है। ऐसे में यहां पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके पिता व सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। 

इसके अलावा अलीगढ़ में राजस्थान के राज्यपाल और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, रामपुर में सपा के कद्दावर नेता मो0 आजम खान और सुल्तानपुर में भाजपा सांसद वरुण गांधी को अपने दल के प्रत्याशियों को जिताना एक चुनौती होगी। 

राज्य निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं। पहले चरण की तरह दूसरे दौर के मतदान में भी जिला पुलिस के अलावा 40 कंपनी केंद्रीय बल तैनात रहेगी। साथ ही 75 कंपनी व दो प्लाटून पीएसी भी मतदान पर नजर रखेगी। संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे लगाये जायेंगे। अति संवेदनशील प्लस श्रेणी वाले मतदान केंद्रों पर सीधी नजर रखने के लिए वेब कास्टिंग होगी। इसके लिए हर जिले में कंट्रोल रूम बनाये गये हैं। 

गौरतलब है कि राज्य निर्वाचन आयोग प्रदेश में नगरीय निकायों का चुनाव तीन चरणों में करवा रहा है। पहले चरण का मतदान 22 नवम्बर को हो गया। रविवार को दूसरे दौर का मतदान है। तीसरे और अंतिम चरण का मतदान प्रदेश के 26 जिलों में 29 नवम्बर को होगा। मतगणना एक साथ पहली दिसम्बर को होगी। 

Related Articles

Back to top button
Close