उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

पहाड़ों पर बर्फबारी से मौसम ने फिर बदले तेवर

वाराणसी, 24 जनवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फ बारी से बुधवार को धर्मनगरी काशी और आसपास के जिलों में फिर मौसम का तेवर बदल गया। मकर संक्रान्ति से ही खिली धूप के चलते लगभग एक सप्ताह तक लोगों को धुंध और गलन से छुटकारा मिला था, लेकिन आज फिर धुंध भरी सुबह और गलन से लोगों को दो चार होना पड़ा। हालांकि सुबह 10 बजते-बजते भगवान भाष्कर ने भी अपनी उपस्थिति दर्शा दी लेकिन गलन उनकी रश्मियों पर भारी पड़ रही थी। पूर्वांन्ह 11 बजे अधिकतम तापमान 18 डिग्री,न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता 70 प्रतिशत और हवा की रफ्तार दो किमी प्रति घंटा रही। 

मौसम विज्ञानियों ने कश्मीर घाटी में बर्फबारी या बारिश का अनुमान लगाया है। कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में मौसम पहले से सर्द है। इसके चलते आसमान में बादल छाए रहने से तापमान तेजी से गिरा हैं। मौसम के बदले मिजाज से सुबह-सुबह घर से निकलने वाले नागरिकों, बस यात्रियों और कैंट स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। उधर गंगा तट पर भी आम दिनों के मुकाबले भीड़भाड़ कम रही।

Related Articles

Back to top button
Close