खबरेबिहारराज्य

पूर्वी चम्पारण : आईसक्रीम फैक्ट्री में लगी आग, एक मजदूर गंभीर रूप से जख्मी

मोतिहारी/न्यूज़ डेस्क

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में आइसक्रीम फैक्‍ट्री में आग लगने की वजह से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के पीछे की वजह गैस रिसाव बताया जाता है। …

पूर्वी चंपारण। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पीपराकोठी थानाक्षेत्र के चांद सरैया स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री में शुक्रवार की सुबह अचानक आग लग गई। आग लगने के साथ मौके पर उपस्थित लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर  भागने लगे। घटना में एक मजदूर भी गंभीर रुप से जख्मी हुआ है। जख्मी मजदूर को इलाज के लिए मोतिहारी लाया गया है। यहां के एक निजी नर्सिंग होम में उसकी चिकित्सा चल रही है। मजदूर की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

जानकारी के मुताबिक, चांद सरैया स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री में शुक्रवार की सुबह सब कुछ सामान्य था। अचानक से गैस सिलेंडर से रिसाव हुआ। देखते ही देखते फैक्ट्री को आग की लपटों ने पूरी तरह से घेर लिया। जल्दबाजी में सभी लोग बाहर निकल गए। लेकिन, एक मजदूर आग की लपटों में झुलस गया।

घटना की सूचना पर एसएसबी 73 वीं वाहिनी के जवान मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। इस बीच जिला मुख्यालय से अग्निशमन दस्ते की टीम भी मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

घटना में आइसक्रीम बनाने के आवश्यक उपकरण व नकदी समेत लाखों की संपत्ति के नुकसान की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। मजदूर के बारे में जानकारी ली जा रही है।

Related Articles

Back to top button
Close